हर गर्मी की शाम गली में कुल्फ़ी वाले काका की घंटी बजती, टन-टन-टन, और बच्चे दौड़ पड़ते,
चालीस बरस से वही ठेला, वही लाल कपड़ा, वही मटका, और वही मुस्कान, जो हर बच्चे पे बरसते।
किसी के पास पैसे न होते, तो काका कहते, "कल दे देना", और कुल्फ़ी थमा देते,
और वो "कल" कभी न आता, पर काका कभी न पूछते, बस हर शाम फिर से घंटी बजा देते।
जो बच्चे उनसे कुल्फ़ी खाते थे, वो बड़े हुए, उनके बच्चे भी काका की कुल्फ़ी खाने लगे,
तीन पीढ़ियाँ, इक ही घंटी, और इक ही मीठा स्वाद, जैसे वक़्त भी उनके आगे ठहरने लगे।
'पराग', इक गर्मी काका नहीं आए, और गली में सन्नाटा था, बच्चे खिड़कियों से झाँकते रहे,
फेरीवाले की घंटी सिर्फ़ आवाज़ नहीं, इक पूरे मोहल्ले का बचपन है, जो उसके साथ बहे।