बस्ती में दिवाली की रात चारों तरफ़ से पटाखों की आवाज़ आती, आसमान में रंग बिखरते, और इक झोपड़ी के बाहर तीन बच्चे बैठे, बस देखते,
उनके पिता ने उस दिन की मज़दूरी से बस इक फुलझड़ी ख़रीदी थी, इक, और तीनों भाई-बहन उसे बारी-बारी पकड़ना चाहते, पर इक ही थी, किसके हाथों में रखते।
बड़ी बहन ने कहा, "तुम दोनों जलाओ, मैं देख लूँगी", और फुलझड़ी जली, और दोनों छोटे भाइयों ने उसे मिलके पकड़ा, और उसकी चिंगारियों में उनकी आँखें चमकीं,
और जब फुलझड़ी बुझी, तो छोटे ने अपनी जेब से इक मिट्टी का दीया निकाला, जो उसने स्कूल में बनाया था, और बहन को दिया, "दीदी, ये तुम्हारी दिवाली", और बहन की आँखें छलकीं।
तीनों ने वो दीया जलाया, और उसके पास बैठके माँ की बनाई इक कटोरी खीर बाँटके खाई, और उस छोटी-सी लौ में उनकी हँसी गूँजी,
और ऊपर आसमान में करोड़ों के पटाखे फूटते रहे, पर उस झोपड़ी के बाहर इक दीये की रौशनी सबसे सच्ची थी, सबसे पूरी, जैसे किसी मंदिर में जली पूजी।
'पराग', ग़रीब का त्योहार पैसों से नहीं, उस बाँटने से बनता है, जहाँ इक फुलझड़ी तीन हाथों में बँटती है, और इक दीया बहन को तोहफ़ा बनता है,
जिसके पास कम होता है, वो अक्सर ज़्यादा बाँटता है, और उसी के त्योहार में भगवान ख़ुद आके बैठता है, चुपके से हँसता है।