दिवाली से पहले घर की सफ़ाई में बेटा अटारी में चढ़ा, धूल, जाले, पुराने बक्से, और इक कोने में इक कपड़े में लिपटा बाबूजी का पुराना रेडियो मिला, बरसों से बंद,
बाबूजी को गुज़रे दस बरस हो गए थे, और ये रेडियो उनका सबसे प्यारा साथी था, हर सुबह समाचार, हर रात पुराने गीत, और बेटा बैठ गया, उसे हाथ में लिए, आँखें मंद।
उसने रेडियो नीचे लाके साफ़ किया, नई बैटरी डाली, और बटन घुमाया, और पहले कुछ खरखराहट, फिर अचानक इक पुराना गीत बजा, वही, जो बाबूजी गुनगुनाते थे,
माँ रसोई से दौड़ी आई, और गीत सुनके दरवाज़े पे रुक गई, और उसकी आँखें भर आईं, "ये तो उनका गीत है", और दोनों बैठे रहे, जैसे बाबूजी पास ही मुस्काते थे।
उस दिवाली उन्होंने वो रेडियो पूजा के पास रखा, और लक्ष्मी पूजा के बाद पुराने गीत बजाए, और पूरा परिवार बैठके सुनता रहा, बाबूजी की बातें करता रहा,
और बच्चों ने पहली बार दादा के क़िस्से सुने, जो उन्होंने कभी न देखे थे, और उस रेडियो की खरखराहट में इक पूरी पीढ़ी का प्यार बहता रहा।
'पराग', दिवाली की सफ़ाई में हम धूल झाड़ते हैं, पर कभी-कभी उसी धूल के नीचे से कोई भूला हुआ रिश्ता भी निकल आता है, और फिर से बोलने लगता है,
जो पुराने बक्से खोले, उसे कचरा ही नहीं, ख़ज़ाने भी मिलते हैं, और उनमें से कुछ ऐसे होते हैं, जिनसे पूरा घर फिर से खिलने लगता है।