गोवा के इक गाँव में इक बूढ़े फ़ादर हर क्रिसमस पे चर्च के बाहर इक बड़ा लाल मोज़ा टाँगते, और गाँव वालों से कहते, "जो चाहे, इसमें कुछ डाले, किसी अनजान बच्चे के लिए", बिना नाम, बिना हिसाब,
और क्रिसमस की रात वो मोज़ा भर जाता, खिलौने, किताबें, मिठाइयाँ, ऊनी टोपियाँ, और कोई न जानता, किसने क्या डाला, और अगली सुबह फ़ादर उसे गाँव की बस्ती में ले जाते, जैसे कोई ख़्वाब।
उस बरस इक ग़रीब मछुआरे का बेटा, जोसफ़, जो हर बरस उस मोज़े से तोहफ़ा पाता था, अब बड़ा हो गया था, और पहली बार कमाने लगा था, नाव पे, समंदर में, कड़ी धूप में,
क्रिसमस की रात वो चर्च के बाहर आया, चुपचाप, अँधेरे में, और अपनी पहली कमाई से ख़रीदा इक खिलौना, इक लकड़ी की छोटी नाव, उस मोज़े में डाला, और मुस्काया, किसी अनदेखे रूप में।
फ़ादर ने खिड़की से देखा, पर कुछ न कहा, और अगली सुबह जब बस्ती में तोहफ़े बँटे, तो वो लकड़ी की नाव इक छोटे लड़के के हाथ में गई, जिसका बाप समंदर में खो गया था,
और लड़के ने नाव को सीने से लगाया, और फ़ादर ने जोसफ़ की ओर देखा, जो दूर खड़ा था, और दोनों की आँखें मिलीं, और उस पल जैसे क्रिसमस का सितारा ज़मीन पे उतर आया था।
'पराग', क्रिसमस देने का त्योहार है, और असल तोहफ़ा वो है, जो बिना नाम के दिया जाए, और जो कभी पाने वाला था, जब देने वाला बने, तो चरनी का बालक फिर जन्म लेता है,
सर्द रात में इक लाल मोज़ा कितने दिलों को गरम कर सकता है, ये वही जानता है, जो उसमें चुपके से कुछ रखके, बिना कुछ कहे, चला जाता है।