इक बूढ़ी दादी के पास इक पुराना डिब्बा था, जिसमें वो छोटी-छोटी पर्चियाँ जमा करती थीं, बरसों से, और हर पर्ची पे इक छोटी-सी ख़ुशी लिखी होती, "आज पोते ने पहली बार मेरा नाम लिया", "आज बारिश में चाय पी", "आज इक अजनबी ने मुस्काके देखा",
उनकी पोती ने इक दिन वो डिब्बा देखा, और हैरान होके पूछा, "दादी, ये क्या है?", और दादी मुस्काईं, "ये मेरी ख़ुशियों का ख़ज़ाना है, पल भर की ख़ुशियाँ, जो बड़ी ख़ुशियों के इंतज़ार में अक्सर हम भूल जाते हैं, पर मैं उन्हें यहाँ सँभालती हूँ, जैसे सोना।"
"जब मैं उदास होती हूँ, तो इक पर्ची निकालके पढ़ती हूँ, और वो पल फिर से जी लेती हूँ, और उदासी चली जाती है", और पोती ने इक पर्ची निकाली, "आज मेरी पोती ने मुझे गले लगाया, बिना किसी वजह के", और उसकी आँखें भर आईं,
उसने वो पर्ची पढ़ी, फिर दूसरी, फिर तीसरी, और हर पर्ची में दादी की इक छोटी-सी ख़ुशी थी, और पोती ने समझा, कि दादी की ज़िंदगी में दुख भी बहुत थे, पति का जाना, बीमारी, अकेलापन, पर उन्होंने उन दुखों के बीच इतनी ख़ुशियाँ ढूँढ लीं, जितनी कोई सोच भी न सके, बिना कोई शिकायत किए, बस यूँ ही, चुपचाप, जैसे कोई चिड़िया दाना चुनती आई।
दादी गुज़र गईं, और वो डिब्बा पोती के पास आया, हज़ारों पर्चियों के साथ, और उसने उसी दिन इक नया डिब्बा शुरू किया, अपना, और पहली पर्ची पे लिखा, "आज दादी की ख़ुशियाँ पढ़ीं, और समझा, ज़िंदगी कैसे जीनी है",
और अब हर रात सोने से पहले वो इक पर्ची लिखती है, कोई छोटी-सी ख़ुशी, और डिब्बे में डालती है, और जब उदास होती है, तो दादी का डिब्बा खोलती है, और इक पर्ची पढ़ती है, और मुस्काती है, जैसे दादी पास बैठी हों, और कह रही हों, "देख, कितना कुछ है ख़ुश होने को।"
'पराग', पल भर की ख़ुशियाँ छोटी होती हैं, पर जो उन्हें जमा करे, उसकी ज़िंदगी इक बड़ा ख़ज़ाना बन जाती है,
बड़ी ख़ुशियाँ कभी-कभार आती हैं, पर छोटी ख़ुशियाँ हर रोज़, और जो उन्हें पहचाने, वो हर दिन अमीर होता है, और उसकी उदासी कभी लंबी नहीं रहती।