पुराने बाज़ार के इक दुकानदार, लाला हरप्रसाद, हर दिवाली पे अपनी बही खोलते, बरस भर का हिसाब देखने, पर उनकी दो बहियाँ थीं, इक पैसों की, और इक "नेकी की", जिसमें वो हर दिन इक लाइन लिखते, उस दिन किसके लिए क्या अच्छा किया,
"आज इक बूढ़ी को उधार दिया, बिना ब्याज", "आज इक बच्चे की फ़ीस भरी", "आज इक ग़रीब को मुफ़्त राशन दिया", और बरस के आख़िर में वो दोनों बहियाँ आमने-सामने रखते, और देखते, कौन-सी भारी है।
उनका बेटा, जो कारोबार सँभालता था, इक बार हँसा, "बाबूजी, नेकी की बही से दुकान नहीं चलती", और लाला मुस्काए, "बेटा, पैसों की बही दुकान चलाती है, नेकी की बही ज़िंदगी चलाती है, और जिस बरस नेकी की बही पतली हो, उस बरस मुझे नींद नहीं आती।"
इक बरस बाज़ार में आग लगी, और लाला की दुकान जलके राख हो गई, और पैसों की बही भी, सब ख़त्म, और लाला सड़क पे खड़े थे, बूढ़े, थके, ख़ाली हाथ, और उनका बेटा रो रहा था, "बाबूजी, सब ख़त्म हो गया।"
पर अगली सुबह इक अजीब नज़ारा था, लाला की जली दुकान के बाहर सैकड़ों लोग खड़े थे, वो बूढ़ी, जिसे बिना ब्याज उधार मिला था, वो बच्चा, जिसकी फ़ीस भरी गई थी, अब जवान, और वो ग़रीब, जिन्हें राशन मिला था, और हर कोई कुछ न कुछ लेके आया था, पैसे, सामान, हाथ,
और इक महीने में लाला की दुकान फिर से खड़ी थी, उन्हीं लोगों की मदद से, और लाला ने अपने बेटे से कहा, "देखा, बेटा, पैसों की बही आग में जल गई, पर नेकी की बही लोगों के दिलों में लिखी थी, उसे कोई आग न जला सकी।"
'पराग', बीते साल का हिसाब पैसों में होता है, पर असल हिसाब उस नेकी का होता है, जो हमने दूसरों के लिए की,
जो अपनी नेकी की बही भी रखे, उसका हर बरस अमीर होता है, और जब सब कुछ जल जाए, तब भी वो बही लोगों के दिलों में खुली रहती है, और लौटके आती है।