मुंबई में पले रोहन को कभी अपने पुरखों के गाँव जाने का मौक़ा न मिला था, बस दादा की कहानियाँ, "हमारे गाँव में तेरे परदादा ने इक कुआँ खुदवाया था, पूरा गाँव उससे पानी पीता था", और जब दादा गुज़रे, तो उनकी आख़िरी इच्छा थी, उनकी अस्थियाँ उसी गाँव की नदी में बहाई जाएँ।
रोहन पहली बार गाँव पहुँचा, और देखा, आधा गाँव ख़ाली था, जवान लोग शहर चले गए थे, खेत बंजर, और गाँव के बीच इक पुराना, पत्थर का कुआँ, जिसकी मुंडेर पे परदादा का नाम खुदा था, "पंडित रामसेवक, संवत 1985", पर कुआँ सूखा था, बरसों से।
गाँव के बूढ़ों ने बताया, "बेटा, ये कुआँ गाँव की जान था, पर बीस बरस पहले सूख गया, फिर सब पानी के लिए दूर जाने लगे, और धीरे-धीरे लोग गाँव छोड़ने लगे", और रोहन उस सूखे कुएँ की मुंडेर पे बैठा, परदादा के नाम पे हाथ फेरता रहा, और उसके भीतर कुछ जागा।
वो इंजीनियर था, पानी का काम करता था, और उसने छुट्टी ली, और गाँव में रुका, और गाँव वालों के साथ मिलके कुएँ के आसपास बारिश का पानी रोकने के गड्ढे खुदवाए, पुराने नालों की सफ़ाई करवाई, और इक छोटा-सा तालाब बनवाया, जिससे कुएँ का पानी लौट सके।
अगली बरसात के बाद इक सुबह गाँव का इक बच्चा दौड़ता हुआ आया, "कुएँ में पानी आ गया!", और पूरा गाँव दौड़ा, और सचमुच, बीस बरस बाद उस पुराने कुएँ में पानी चमक रहा था, और बूढ़ों ने बाल्टी डाली, और पानी खींचा, और पीया, और रोने लगे।
रोहन ने उसी पानी से अपने दादा की अस्थियाँ नदी में बहाईं, और उस बरस गाँव के कुछ परिवार, जो शहर चले गए थे, लौट आए, और रोहन हर बरस अपनी छुट्टियाँ उसी गाँव में बिताने लगा, और कुएँ की मुंडेर पे परदादा के नाम के नीचे इक नया नाम खुदा, "पानी लौटा — रोहन, परपोता।"
'पराग', पुरखों का गाँव कभी पूरी तरह नहीं मरता, बस किसी अपने के लौटने का इंतज़ार करता है, जो उसकी सूखी नसों में फिर से पानी भर दे,
जो परपोता अपने परदादा का सूखा कुआँ बीस बरस बाद फिर से भर दे, उसने बताया, कि जड़ों से जुड़ना बस याद करना नहीं, उन्हें फिर से सींचना है, और तब पूरा गाँव फिर से हरा होता है।