इक छावनी के किनारे बिरजू धोबी की इक छोटी-सी दुकान थी, और चालीस बरस से वो वहाँ के हर जवान, हर अफ़सर की वर्दी धोता, कलफ़ लगाता, इस्त्री करता, और उसकी इस्त्री ऐसी होती, कि वर्दी की क्रीज़ पे उँगली कट जाए, और कहते थे, परेड में सबसे सीधी लाइन बिरजू की वर्दियों की होती है।
बिरजू कभी स्कूल नहीं गया था, नाम पढ़ नहीं सकता था, पर हर वर्दी उसे याद रहती, उसके कॉलर से, उसकी सिलाई से, उसके इक छोटे-से दाग़ से, "ये शर्मा साहब की है, इसकी बाईं जेब थोड़ी नीची है", "ये गुरमीत की, इसके कॉलर पे पसीने का पुराना निशान है।"
इक बार इक जवान, जो इक मुश्किल ऑपरेशन से लौटा था, अपनी फटी, ख़ून लगी वर्दी लेके आया, और बोला, "बिरजू काका, इसे फेंक दो", पर बिरजू ने वो वर्दी रख ली, और रात भर बैठके उसे सिलता रहा, धोता रहा, और सुबह इस्त्री करके लौटाई, बिल्कुल नई जैसी, "बेटा, जिस वर्दी में तूने जान बचाई, उसे फेंकते नहीं।"
जवान उस वर्दी को देखके रो पड़ा, और उसने उसे अपनी अलमारी में सँभालके रख लिया, और ये बात पूरी छावनी में फैल गई, और फिर कई जवान अपनी ऐसी वर्दियाँ बिरजू के पास लाने लगे, फटी, जली, ख़ून लगी, और बिरजू हर इक को उसी प्यार से सिलता, जैसे कोई माँ अपने बेटे का कुर्ता।
चालीस बरस बाद बिरजू की रिटायरमेंट नहीं थी, क्योंकि वो सरकारी नहीं था, पर इक दिन छावनी के कमांडर ने उसे परेड के मैदान पे बुलवाया, और बिरजू घबराया, सोचा, कोई ग़लती हो गई, और जब वो पहुँचा, तो पूरी रेजिमेंट उसके आगे खड़ी थी, हर जवान, हर अफ़सर, अपनी चमकती वर्दी में।
कमांडर ने कहा, "बिरजू काका, इन सब वर्दियों पे तुम्हारे हाथ की इस्त्री है, आज ये वर्दियाँ तुम्हें सलामी देंगी", और फिर पूरी रेजिमेंट ने इक साथ सलामी दी, उस बूढ़े, झुके हुए धोबी को, और बिरजू वहीं खड़ा रहा, हाथ जोड़े, और उसकी आँखों से आँसू बहते रहे, चालीस बरस की इस्त्री की गरमी उन आँसुओं में थी।
'पराग', वर्दी की शान सिर्फ़ उसे पहनने वाले की नहीं, उसे सँवारने वाले हाथों की भी होती है, जो चुपचाप पीछे रहके हर सलवट मिटाते हैं,
जो अनपढ़ धोबी हर वर्दी को उसके कॉलर से पहचाने, और फटी वर्दियों को माँ की तरह सिले, उसने बताया, कि देश की सेवा सिर्फ़ सरहद पे नहीं होती, इक इस्त्री की गरमी में भी होती है, और उसे भी सलामी मिलनी चाहिए।