हर बुधवार दादी अपनी दो मुर्गियों के छह अंडे टोकरी में रखके हाट जातीं, चार कोस पैदल,
धूप में बैठतीं, अंडे बेचतीं, और लौटते हुए पोते के लिए कुछ ख़रीद लातीं, कभी कॉपी, कभी पेंसिल।
पोता पढ़ने में तेज़ था, और दादी चाहती थीं, उसके पास किताबें, कॉपियाँ कभी कम न हों,
तो हर हफ़्ते वही छह अंडे, वही चार कोस, वही धूप, चाहे घुटनों में कितना भी दर्द हो।
बरसों तक ये चलता रहा, और पोता बड़ा होके शहर में अफ़सर बना, बड़ी तनख़्वाह, बड़ा घर,
पहली छुट्टी में गाँव लौटा, दादी के लिए साड़ी लाया, और उनके पाँव छूके रोया, जी भर।
'पराग', दादी ने साड़ी देखी, और मुस्काके बोलीं, "अब मुर्गियाँ भी बूढ़ी हो गईं, बेटा",
और पोता हँसा, रोया, क्योंकि उसकी हर कामयाबी में उन छह अंडों का क़र्ज़ लिपटा।