इक गाँव में हर नवरात्रि पे अष्टमी को कन्या पूजन होता, नौ छोटी लड़कियों के पैर धोए जाते, उन्हें भोजन कराया जाता, और देवी की तरह पूजा जाता, और बाक़ी बरस वही लड़कियाँ खेत में, घर में, बिना पढ़ाई, बिना आवाज़,
इक नई बहू, जो शहर से आई थी, ने ये देखा, और उसके मन में इक सवाल उठा, "इक दिन देवी, बाक़ी दिन बोझ? ये कैसी पूजा, ये कैसा रिवाज़?"
उस अष्टमी को जब कन्या पूजन हुआ, तो बहू ने हर लड़की को भोजन के साथ इक तोहफ़ा भी दिया, इक कॉपी, इक पेंसिल, इक किताब, और कहा, "ये देवी का प्रसाद है",
और फिर गाँव के बड़ों से कहा, "अगर ये देवी हैं, तो इन्हें स्कूल भेजो, इन्हें पढ़ाओ, यही असल नवरात्रि है", और गाँव में इक सन्नाटा छा गया, और फिर इक बूढ़ी दादी ने कहा, "बहू सही कहती है, यही है देवी की याद।"
अगले बरस गाँव की उन नौ लड़कियों में से सात स्कूल जाने लगीं, और बहू ने गाँव में शाम को पढ़ाना शुरू किया, और हर नवरात्रि पे कन्या पूजन में अब किताबें बँटतीं,
और गाँव के लोग कहते, "पहले हम इक दिन देवी पूजते थे, अब हर दिन उन्हें आगे बढ़ते देखते हैं", और उस गाँव की बेटियाँ अब सिर उठाके चलतीं, हँसतीं।
'पराग', नवरात्रि नौ रातों का त्योहार है, नौ रूपों की पूजा, पर असल नवरात्रि वो है, जब हर बेटी को बरस के तीन सौ पैंसठ दिन देवी जैसा सम्मान मिले,
जो कन्या के पैर धोए, उसे उसकी राह भी साफ़ करनी चाहिए, और जो ये करे, उसके घर देवी ख़ुद आके बसे, और हर दीया उसी के लिए जले।