गाँव में मान्यता थी, कि छठी की रात विधाता आके बच्चे की क़िस्मत लिखते हैं, और इसलिए उस रात इक क़लम और इक काग़ज़ बच्चे के सिरहाने रखे जाते, और घर में दीया जलता, सारी रात,
इक ग़रीब किसान के घर बेटी हुई थी, और गाँव के कुछ लोगों ने कहा, "बेटी की क्या छठी?", और किसान का मन उदास था, पर उसकी बूढ़ी माँ ने कहा, "छठी होगी, धूम से होगी, ये मेरी पोती है, कोई बोझ नहीं, कोई बात।"
दादी ने सारी रात दीया जलाए रखा, और बच्ची के सिरहाने इक क़लम रखी, और इक काग़ज़, और उसपे अपने अनपढ़ हाथों से इक लकीर खींची, बस इक, और कहा, "विधाता, इसकी क़िस्मत में पढ़ाई लिख देना, जो मुझे न मिली",
सुबह दादी ने सबको वो काग़ज़ दिखाया, और कहा, "देखो, विधाता ने इक लकीर खींची है, इसका मतलब, ये पढ़ेगी", और गाँव हँसा, पर दादी ने उस काग़ज़ को इक डिब्बे में रख लिया, और हर बरस निकालके देखती, जैसे कोई वादा सँभाला।
बच्ची बड़ी हुई, पढ़ी, और दादी हर बरस उसके जन्मदिन पे वो काग़ज़ दिखाती, "ये तेरी क़िस्मत है, विधाता ने लिखी", और बच्ची हँसती, पर उस लकीर पे भरोसा करती, और मेहनत करती,
और जब वो डॉक्टर बनी, तो सबसे पहले दादी के पास गई, और वो पुराना काग़ज़ माँगा, और उस इक लकीर के नीचे लिखा, "डॉ. सीमा", और दादी को दिखाया, और दादी रोईं, हँसीं, और बोलीं, "देख, विधाता ने सच लिखा था", और उनकी आँखों में इक जीत थी, बरसों की, जो अब भी चमकती।
'पराग', वो काग़ज़ अब फ़्रेम में है, सीमा के क्लिनिक की दीवार पे, और हर बेटी के माँ-बाप को वो दिखाती है, और कहती है, "क़िस्मत की पहली लकीर हम ख़ुद खींचते हैं",
छठी की रस्म बच्चे के नाम की रस्म है, पर असल छठी वो है, जब कोई उस बच्चे के लिए इक सपना लिखे, और उस सपने को पूरा होने तक सींचे।