समंदर के इक सुनसान टापू पे इक लाइटहाउस था, और वहाँ इक जवान लड़का, सलीम, नया-नया रखवाला बनके आया, और पहले हफ़्ते में ही परेशान हो गया, रातें लंबी, कोई बात करने वाला नहीं, बस लहरें, हवा, और घूमती बत्ती, और वो कहता, "ये वक़्त कटता क्यों नहीं?"
वहाँ इक बूढ़ा रखवाला भी था, अब्दुल चाचा, जो तीस बरस से वहीं था, और उसे कभी परेशान न देखा गया, और इक रात सलीम ने पूछा, "चाचा, आप तीस बरस यहाँ वक़्त कैसे काटते रहे?", और चाचा मुस्काए, "मैंने कभी काटा ही नहीं, बेटा, मैंने उसे तराशा।"
फिर वो सलीम को लाइटहाउस की सीढ़ियों पे ले गए, इक सौ बीस सीढ़ियाँ, और हर सीढ़ी के किनारे की लकड़ी पे कुछ उकेरा हुआ था, कहीं मछली, कहीं जहाज़, कहीं चिड़िया, कहीं किसी बच्चे का चेहरा, और चाचा ने कहा, "हर लंबी रात मैंने इक सीढ़ी को दी।"
सलीम हैरान, सीढ़ी-दर-सीढ़ी ऊपर चढ़ता गया, और देखता गया, तीस बरस की रातें, लकड़ी में जमी हुई, इक जगह इक औरत का चेहरा था, चाचा ने धीरे से कहा, "वो मेरी बीवी थी, जिस रात उसकी ख़बर आई, उस रात मैंने उसे यहाँ बना दिया, ताकि वो हमेशा रोशनी के पास रहे।"
उस रात से चाचा ने सलीम को इक छोटी छेनी दी, और लकड़ी पे काम करना सिखाया, और सलीम की रातें बदल गईं, अब वो घड़ी नहीं देखता था, बस लकड़ी देखता था, और सुबह होती, तो उसे पता भी न चलता, कि रात कब बीती,
बरसों बाद, जब अब्दुल चाचा गुज़रे, तो सलीम ने आख़िरी ख़ाली सीढ़ी पे उनका चेहरा उकेरा, मुस्काता हुआ, छेनी थामे, और अब जो भी नया रखवाला आता है, सलीम उसे पहली रात सीढ़ियाँ चढ़ाता है, और कहता है, "यहाँ वक़्त काटा नहीं जाता, तराशा जाता है।"
'पराग', वक़्त काटने वाला ख़ुद ही कटता जाता है, पर जो उसे किसी हुनर में तराशे, उसकी ख़ाली रातें भी इक दिन पूरी कहानी बन जाती हैं,
जो सुनसान टापू पे तीस बरस अपनी तन्हाई को लकड़ी में फूल बना दे, उसने बताया, कि अकेलापन कोई सज़ा नहीं, अगर हाथ में इक छेनी हो, और दिल में इक चेहरा।