बड़ी अम्मी का चाँदी का पानदान पूरे मोहल्ले में मशहूर था, और उससे भी ज़्यादा मशहूर था उनका इक उसूल, जो भी उनके दरवाज़े आए, चाहे रिश्तेदार हो या भिखारी, डाकिया हो या सफ़ाई वाला, उसे पानदान खोलके कुछ न कुछ ज़रूर मिलता, पान नहीं तो इक इलायची, इक लौंग, या थोड़ी सौंफ़।
सफ़ाई करने वाली रज्जो, जिसे मोहल्ले के कई घरों में बरतन अलग करके पानी दिया जाता था, बड़ी अम्मी के दरवाज़े पे आती, तो अम्मी उसे अपने पास तख़्त पे बिठातीं, और अपने हाथ से पान लगाके देतीं, और कहतीं, "रज्जो, थक गई होगी, बैठ ज़रा।"
बड़ी अम्मी गुज़रीं, तो वो पानदान उनकी पोती, नाज़िया, को मिला, जो पान नहीं खाती थी, और उसने सोचा, इसे सजाके शोकेस में रख देगी, पर इक दिन दरवाज़े पे डाकिया आया, और ठिठककर खड़ा रहा, और फिर धीरे से बोला, "बेटी, बड़ी अम्मी हर बार इक इलायची देती थीं, आदत पड़ गई थी।"
नाज़िया की आँखें भर आईं, और वो भीतर गई, और पानदान खोला, उसमें अब भी कुछ इलायचियाँ पड़ी थीं, दादी की रखी हुई, और उसने इक इलायची डाकिये की हथेली पे रखी, और डाकिये ने उसे माथे से लगाया, जैसे कोई प्रसाद हो।
उस दिन से नाज़िया ने पानदान शोकेस में नहीं रखा, बल्कि दादी के तख़्त के पास, जहाँ वो हमेशा रहता था, और उसमें हर हफ़्ते ताज़ी इलायची, लौंग, सौंफ़ भरती है, और जो भी दरवाज़े आता है, सफ़ाई वाली से लेकर कूरियर वाले लड़के तक, सबको इक चुटकी मिलती है।
रज्जो अब बूढ़ी हो गई है, पर जब भी आती है, नाज़िया उसे तख़्त पे बिठाती है, और पानदान खोलती है, और रज्जो कहती है, "बिटिया, तेरे हाथ से भी वही ख़ुशबू आती है, जो बड़ी अम्मी के हाथ से आती थी", और नाज़िया मुस्काती है, क्योंकि वो जानती है, ख़ुशबू इलायची की नहीं, उस उसूल की है।
'पराग', दादी का पानदान बस इक बर्तन नहीं, वो इक तहज़ीब है, जिसमें हर आने वाले के लिए बराबर इज़्ज़त का इक ख़ाना होता है,
जो पोती अपनी दादी का पानदान शोकेस की जगह दरवाज़े के पास रखे, उसने समझा, कि विरासत सँभालना उसे सजाना नहीं, उसे जीते रहना है, इक-इक इलायची, हर आने वाले के लिए।