उन्नीस बरस का रवि पहली बार घर से दूर इक बड़े शहर में नौकरी करने आया था, और इक पुराने मकान की छत पे इक छोटा-सा कमरा किराए पे लिया था, और पहली रात वो अपने कमरे में अकेला बैठा था, थका, भूखा, और पूरी तरह खोया हुआ।
उसके पास बस इक बिस्किट का पैकेट था, और वो उसे खोलके बैठा था, और खिड़की से शहर की रोशनियाँ देख रहा था, और उसे माँ की याद आई, उनकी दाल की, उनके "खाना खा ले" की, और उसकी आँखें भर आईं, और तभी दरवाज़े पे दस्तक हुई।
दरवाज़े पे मकान-मालकिन थीं, इक बूढ़ी विधवा, मिसेज़ डिसूज़ा, हाथ में इक स्टील की थाली, जिसमें गरम दाल, चावल, और इक अचार की फाँक, और बोलीं, "बेटा, घर से पहली रात दूर हो ना? मेरे घर में पहली रात कोई भूखा नहीं सोता, ये मेरा नियम है।"
रवि हैरान, उसने थाली ली, और मिसेज़ डिसूज़ा वहीं दरवाज़े पे खड़ी रहीं, जब तक उसने आख़िरी कौर न खाया, और फिर थाली ली, और बोलीं, "कल से अपना बनाना, पर आज नहीं, आज तो पहली रात है", और चली गईं, और रवि उस रात चैन से सोया।
बरसों बाद रवि ने उसी शहर में अपना घर बनाया, और अपनी छत पे इक छोटा कमरा किराए पे दिया, और जब पहला किरायेदार आया, इक घबराया हुआ लड़का, इक छोटे-से थैले के साथ, तो रवि ने उस रात अपनी पत्नी से कहा, "आज दाल थोड़ी ज़्यादा बनाना।"
रात को रवि ने उस लड़के का दरवाज़ा खटखटाया, थाली हाथ में, दाल, चावल, अचार की इक फाँक, और बोला, "बेटा, घर से पहली रात दूर हो ना? इस घर में पहली रात कोई भूखा नहीं सोता", और लड़के की आँखें भर आईं, और रवि को लगा, जैसे मिसेज़ डिसूज़ा मुस्काते हुए कहीं पास खड़ी हों।
'पराग', पहली बार घर से दूर की रात सबसे लंबी होती है, पर कभी-कभी कोई अजनबी इक थाली दाल से उसे छोटा कर देता है, और वो थाली उम्र भर याद रहती है,
जो बूढ़ी मकान-मालकिन हर नए किरायेदार की पहली रात इक थाली लेके आए, उसने इक ऐसा नियम बनाया, जो उसके जाने के बाद भी दूसरे घरों में चलता रहा, और हर घर से दूर बच्चे को इक माँ मिलती रही।