सोलह बरस का आदित्य अपने पहले प्यार में उलझा था, और इक शाम उसने अपने अस्सी बरस के दादू से पूछा, "दादू, आपका पहला प्यार कौन था? क्या हुआ उसका?", और दादू मुस्काए, और अख़बार नीचे रखा, और रसोई की ओर इशारा किया, जहाँ दादी चाय बना रही थीं।
आदित्य हँसा, "दादू, सच-सच बताओ, दादी तो अरेंज्ड मैरिज थीं ना?", और दादू ने कहा, "बैठ, तुझे इक कहानी सुनाता हूँ", और दादी भी चाय लेके आईं, और चुपचाप बैठ गईं, मुस्काते हुए, जैसे वो कहानी उन्हें भी फिर से सुननी हो।
"1960 में मैं सत्रह का था, और ये पंद्रह की, हमारे गाँव के मेले में मिले, इसने मेरी बाँसुरी की तारीफ़ की, और मैंने इसे इक लाल चूड़ी दिलाई, दो आने की, और फिर हर मेले में मिलते, बस मेले में, साल में इक बार, और इक-दूजे को चिट्ठियाँ लिखते, जो कभी भेजी नहीं।"
"फिर दोनों घरवालों को पता चला, और दोनों जातियाँ अलग थीं, और बड़ा झगड़ा हुआ, और हमें मिलने से रोक दिया गया, और दस बरस तक हम न मिले, इसकी शादी की बात चलती, ये मना कर देती, मेरी चलती, मैं मना कर देता, दस बरस, बेटा, बिना इक बार मिले।"
"फिर इसके बापू बीमार पड़े, और मैं डॉक्टर बन चुका था, और उनका इलाज किया, बिना फ़ीस, और जब वो ठीक हुए, तो उन्होंने मेरे बापू से कहा, 'दस बरस दोनों ने इंतज़ार किया है, अब हम कौन होते हैं रोकने वाले?', और 1970 में हमारी शादी हुई, घरवालों की रज़ामंदी से।"
आदित्य मुँह खोले बैठा था, और दादी ने अपनी अलमारी से इक छोटा डिब्बा निकाला, और उसमें इक पुरानी, फीकी लाल चूड़ी थी, दो आने वाली, और इक गठरी चिट्ठियों की, कभी न भेजी गईं, और दादू ने कहा, "बेटा, पहला प्यार याद रखने के लिए होता है, और कभी-कभी, अगर क़िस्मत हो, तो उम्र भर निभाने के लिए।"
'पराग', पहले प्यार की याद अक्सर इक अधूरी कहानी होती है, पर कभी-कभी वो दस बरस के इंतज़ार के बाद पूरी भी होती है, और फिर साठ बरस तक हर सुबह की चाय में घुली रहती है,
जो दादा-दादी इक दो आने की चूड़ी और बिन भेजी चिट्ठियाँ सँभाले रखें, उन्होंने बताया, कि पहला प्यार अगर सच्चा हो, तो वो किसी दीवार, किसी जाति, किसी दशक से नहीं हारता, बस धीरज माँगता है।