इक पुराने हॉस्टल के वार्डन, रघुनाथ जी, तीस बरस से वहीं थे, सख़्त, कम बोलने वाले, और लड़के उनसे डरते थे, पर हर इम्तिहान की रात इक अजीब बात होती, आधी रात के बाद गलियारे में इक केतली की खड़खड़ सुनाई देती।
रघुनाथ जी इक बड़ी स्टील की केतली में अदरक वाली चाय बनाते, और कमरे-कमरे जाते, दरवाज़ा खटखटाते, और जो जाग रहा होता, उसके कप में चाय डालते, और बस इतना कहते, "पढ़ ले, पर सुबह चार बजे सो जाना", और चले जाते, बिना मुस्काए।
तीस बरस में हज़ारों लड़कों ने वो चाय पी, और कोई नहीं जानता था, कि रघुनाथ जी का अपना बेटा इक हॉस्टल में इम्तिहान के दबाव में बीमार पड़ा था, अकेले, और तब से उन्होंने तय किया था, उनके हॉस्टल में कोई लड़का इम्तिहान की रात अकेला महसूस न करे।
फिर इक दिन रघुनाथ जी रिटायर हुए, और कुछ महीनों बाद गुज़र गए, और उस बरस इम्तिहान की पहली रात हॉस्टल में इक अजीब सन्नाटा था, कोई केतली नहीं, कोई खड़खड़ नहीं, और लड़कों को पहली बार एहसास हुआ, कि वो आवाज़ उनकी कितनी बड़ी आदत थी।
अगली रात चौथे बरस के तीन लड़कों ने मेस से इक केतली ली, चाय बनाई, अदरक वाली, और आधी रात को कमरे-कमरे गए, और नए लड़कों के दरवाज़े खटखटाए, "पढ़ ले, पर चार बजे सो जाना", और नए लड़के हैरान, "आप कौन?", और जवाब मिला, "रघुनाथ जी की केतली।"
अब वो इस हॉस्टल की परंपरा है, हर इम्तिहान की रात सबसे सीनियर लड़के केतली लेके घूमते हैं, और गलियारे की दीवार पे रघुनाथ जी की इक तस्वीर टँगी है, सख़्त चेहरा, हाथ में केतली, और नीचे लिखा है, "जो कभी मुस्काए नहीं, पर हर रात जागे।"
'पराग', हॉस्टल की रातें बस मस्ती की नहीं होतीं, उनमें कुछ अनदेखे पहरेदार भी होते हैं, जो चुपचाप जागते हैं, ताकि कोई अकेला न जागे,
जो सख़्त वार्डन तीस बरस इम्तिहान की रातों में केतली लेके घूमे, अपने बेटे के दर्द को हज़ारों बेटों की चाय बना दे, उसने बताया, कि कुछ लोग मुस्काते नहीं, पर उनकी देखभाल की गरमी इक पूरी परंपरा बन जाती है।