दस बरस की उम्र में किशोर और रमेश ने इक स्लेट पे खड़िया से इक वादा लिखा था, और दोनों ने उसपे अँगूठा लगाया था, "जब हम पहली बार कमाएँगे, तो आधा इक-दूजे को देंगे", और वो स्लेट किशोर ने अपने बस्ते में रख ली थी, जैसे कोई क़ानूनी काग़ज़ हो।
फिर ज़िंदगी ने दोनों को अलग रास्तों पे भेजा, किशोर पढ़-लिखके शहर गया, कारोबारी बना, बड़ी कोठी, बड़ी गाड़ी, और रमेश गाँव में रहा, पिता की छोटी-सी ज़मीन पे किसानी करता रहा, और पचास बरस में दोनों बस दो-चार बार मिले।
इक दिन किशोर की कोठी के गेट पे इक बूढ़ा किसान खड़ा था, धूल भरी धोती, हाथ में इक कपड़े की पोटली, और चौकीदार उसे भगा रहा था, और किशोर ने खिड़की से देखा, और पहचाना, रमेश, और दौड़के नीचे आया।
रमेश ने वो पोटली किशोर के हाथ में रखी, और बोला, "यार, देर हो गई, पचास बरस, पर वादा तो वादा है, ये मेरी पहली फ़सल की आधी कमाई है, 1978 की, तब भी लाना चाहता था, पर बापू बीमार थे, फिर कभी हिम्मत न हुई, तू इतना बड़ा हो गया था।"
किशोर ने पोटली खोली, उसमें पुराने, मुड़े-तुड़े नोट थे, कुछ अब चलते भी न थे, कुल चार सौ बीस रुपये, और किशोर वहीं गेट पे बैठ गया, और रोने लगा, फिर उठा, और भीतर से इक पुरानी, टूटी किनारी वाली स्लेट लाया, जिसपे धुँधले अक्षरों में वो वादा अब भी लिखा था।
"मैंने भी नहीं निभाया, रमेश", किशोर बोला, "मेरी पहली तनख़्वाह भी तुझ तक नहीं पहुँची", और उसने उसी दिन रमेश के गाँव में इक स्कूल बनवाने का फ़ैसला किया, आधी-आधी हिस्सेदारी में, "तेरे चार सौ बीस और मेरी पहली तनख़्वाह, दोनों इसकी पहली ईंट होंगे", और उस स्कूल के गेट पे आज वो स्लेट जड़ी है।
'पराग', बचपन का यार वो है, जो पचास बरस बाद भी इक खड़िया से लिखा वादा याद रखे, चाहे दुनिया ने दोनों को कितना भी अलग कर दिया हो,
जो किसान अपनी पहली फ़सल के चार सौ बीस रुपये पचास बरस तक सँभाले रखे, सिर्फ़ इक बचपन के वादे के लिए, उसने बताया, कि सबसे बड़ी अमीरी ईमान की होती है, और वो किसी कोठी में नहीं, किसी पोटली में भी हो सकती है।