दादी के पलंग के नीचे इक बड़ी गठरी रहती थी, पुराने कपड़ों की कतरनों की, और जब भी घर में किसी का कपड़ा फटता, या छोटा होता, तो दादी उसे फेंकने न देतीं, बस इक टुकड़ा काटके उस गठरी में डाल देतीं, और पोते-पोतियाँ हँसते, "दादी, कबाड़ जमा कर रही हो?"
उस गठरी में बाबा का शादी वाला कुर्ता था, जिसे बाबा के जाने के बाद दादी ने काटा था, बड़े बेटे का पहला स्कूल ड्रेस, बड़ी पोती की पहली फ्रॉक, जो अब छोटी पड़ गई थी, और इक नीला दुपट्टा, जो दादी की सबसे प्यारी बहन का था, जो बरसों पहले चली गई।
जब सबसे छोटी पोती, कविता, की शादी तय हुई, तो दादी ने वो गठरी खोली, और तीन महीने तक हर दोपहर बरामदे में बैठके, अपनी कमज़ोर आँखों पे मोटा चश्मा चढ़ाए, उन कतरनों को जोड़ती रहीं, इक-इक टाँका, धीरे-धीरे, और किसी को न बताया, क्या बना रही हैं।
शादी से इक दिन पहले दादी ने कविता को अपने कमरे में बुलाया, और इक मोटी, रंग-बिरंगी गुदड़ी उसके हाथों में रखी, और बोलीं, "बेटी, ये तेरा दहेज़ है मेरी ओर से, इसमें इस घर की हर याद है", और कविता ने उसे खोला, और हर टुकड़े को पहचाना।
"ये बाबा का कुर्ता, ये पापा का स्कूल ड्रेस, ये दीदी की फ्रॉक, ये माँ की वो साड़ी, जो उन्होंने मेरे जन्म पे पहनी थी", और हर टुकड़े के साथ कविता की आँखें भरती गईं, और बीच में इक छोटा-सा नीला टुकड़ा था, और दादी ने उसपे उँगली रखी, "ये मेरी बहन का, ताकि वो भी तेरी शादी में हो।"
कविता ने वो गुदड़ी अपने ससुराल ले गई, और सर्दियों की हर रात उसे ओढ़ती है, और जब कभी घर की याद आती है, तो उसके टुकड़ों पे हाथ फेरती है, और उसे लगता है, पूरा मायका उसके चारों ओर लिपटा है, बाबा, पापा, माँ, दीदी, दादी, सब इक साथ।
'पराग', यादों की गठरी कबाड़ नहीं, वो इक बिखरा हुआ परिवार है, जो किसी के हाथों में इक दिन जुड़के गुदड़ी बन जाता है, और सर्द रातों में गरमी देता है,
जो दादी बरसों हर फटे कपड़े का इक टुकड़ा सँभाले, और फिर उन्हें जोड़के पोती का दहेज़ बनाए, उसने बताया, कि सबसे गरम रज़ाई वो है, जिसमें पीढ़ियों के टाँके हों, और हर टाँके में इक याद।