इक बड़े शहर के रेलवे स्टेशन के बाहर इक रिक्शेवाला था, गोपाल, जो साल भर सवारियाँ ढोता, मोलभाव करता, थोड़ा-बहुत कमाता, पर हर पंद्रह अगस्त को उसके रिक्शे पे इक काग़ज़ चिपका होता, "आज पूर्व सैनिकों के लिए सवारी मुफ़्त।"
लोग हँसते, "गोपाल, इक दिन की कमाई छोड़ देगा?", और गोपाल मुस्काता, "हाँ, साल में इक दिन तो देश के लिए", और उस दिन वो स्टेशन पे खड़ा रहता, और जो भी बूढ़ा आदमी फ़ौजी टोपी पहने, या सीने पे तमग़े लगाए उतरता, गोपाल उसे बिठाता, और जहाँ कहे, ले जाता।
इक पंद्रह अगस्त इक बहुत बूढ़ा आदमी उतरा, छड़ी के सहारे, फ़ौजी कोट में, और गोपाल ने उसे बिठाया, और पूछा, "बाबा, कहाँ?", और बाबा ने इक पुराने युद्ध स्मारक का नाम लिया, शहर के दूसरे छोर पे, और गोपाल चल पड़ा, धूप में, पसीने में।
रास्ते भर बाबा चुप रहे, और जब स्मारक पहुँचे, तो गोपाल ने उन्हें उतारा, और बाबा धीरे-धीरे इक पत्थर की दीवार के पास गए, जिसपे सैकड़ों नाम खुदे थे, और इक नाम पे उँगली रखी, और देर तक खड़े रहे, और गोपाल पीछे खड़ा देखता रहा।
लौटते वक़्त बाबा ने बताया, "वो मेरा छोटा भाई था, 1965 में, हम दोनों इक ही पलटन में थे, वो मेरी आँखों के सामने गया, हर बरस आज के दिन उससे मिलने आता हूँ, पर अब पैर साथ नहीं देते, आज तुम न होते, तो शायद न आ पाता।"
उतरते वक़्त बाबा ने अपने कोट से इक पुराना तमग़ा उतारा, और गोपाल के हाथ में रख दिया, "बेटा, ये मेरे भाई का था, आज से ये तुम्हारा, क्योंकि जो सिपाही को सलाम करे, वो भी सिपाही है", और गोपाल ने वो तमग़ा अपने रिक्शे के हैंडल पे बाँध लिया, और अब हर पंद्रह अगस्त वो उसे चमकाके स्टेशन पे खड़ा होता है।
'पराग', पंद्रह अगस्त का जश्न सिर्फ़ झंडे और भाषणों में नहीं, उन छोटे-छोटे सलामों में है, जो कोई ग़रीब रिक्शेवाला चुपचाप उन लोगों को देता है, जिन्होंने देश के लिए सब कुछ दिया,
जो रिक्शेवाला हर बरस इक दिन की कमाई पूर्व सैनिकों के नाम कर दे, उसने बताया, कि देशभक्ति अमीरों की जागीर नहीं, वो इक पसीने से भीगे हैंडल पे बँधा इक पुराना तमग़ा भी हो सकती है।