बूढ़े रामसेवक ने चालीस बरस पहले इक बड़ी नदी पे बने इक लंबे पुल पे मज़दूरी की थी, तीन बरस, धूप में, बारिश में, ईंटें ढोते, सीमेंट मिलाते, लोहे की छड़ें उठाते, और जब पुल बना, तो उसका उद्घाटन इक बड़े नेता ने किया, फ़ीता काटा, तालियाँ बजीं, और मज़दूरों को किसी ने न बुलाया।
रामसेवक ने कभी किसी से नहीं कहा, कि उस पुल में उसका हाथ है, बस कभी-कभी जब वो उस पुल से बस में गुज़रता, तो खिड़की से बाहर देखता, और चुपचाप मुस्काता, और उसके साथ बैठे लोग समझ न पाते, ये बूढ़ा क्यों मुस्का रहा है।
इक दिन उसका दस बरस का पोता, अंकित, स्कूल से उदास लौटा, और बोला, "दादू, आज सब बच्चों ने अपने पापा-दादा के बड़े-बड़े काम बताए, कोई डॉक्टर, कोई अफ़सर, मैंने कहा, मेरे दादू मज़दूर थे, तो सब हँसे।"
रामसेवक कुछ देर चुप रहे, फिर अंकित का हाथ पकड़ा, और उसे बस में बिठाके उस पुल तक ले गए, और पुल के बीच में रुककर उसे नदी दिखाई, और पुल की रेलिंग पे हाथ रखा, और बोले, "बेटा, ये पुल देख रहा है? रोज़ इससे हज़ारों लोग गुज़रते हैं, गाड़ियाँ, बसें, ट्रक, इसकी हर ईंट में तेरे दादा का पसीना है।"
फिर वो उसे पुल के इक खंभे के पास ले गए, नीचे, और वहाँ पत्थर पे खुदे कुछ टेढ़े-मेढ़े अक्षर दिखाए, धुँधले, पर अब भी दिखते, "रामसेवक, 1985", और बोले, "जिस दिन ये खंभा बना, मैंने चुपके से कील से अपना नाम खोदा था, ताकि कोई जाने, या न जाने, ये पुल जानता रहे।"
अंकित ने उस नाम को छुआ, और उसकी आँखें चमक उठीं, और अगले दिन स्कूल में उसने अपनी कक्षा को वो कहानी सुनाई, और इक तस्वीर बनाई, पुल की, और नीचे लिखा, "मेरे दादू ने ये पुल बनाया", और इस बार कोई नहीं हँसा, और टीचर ने वो तस्वीर कक्षा की दीवार पे टाँगी।
'पराग', मज़दूर इस देश की हर सड़क, हर पुल, हर इमारत में दबा है, उसका नाम किसी पत्थर पे नहीं, पर उसका पसीना हर नींव में है,
जो बूढ़ा मज़दूर अपने पोते को अपना बनाया पुल दिखाए, और इक खंभे पे चुपके से खोदा अपना नाम, उसने बताया, कि देश बनाने वालों में सबसे बड़ा हिस्सा उन हाथों का है, जिन्हें कभी फ़ीता काटने के लिए नहीं बुलाया गया।