इक बड़े शहर के मुख्य डाकघर में इक छोटा-सा कमरा था, जहाँ वो चिट्ठियाँ जाती थीं, जिनका पता अधूरा होता, या ग़लत, या जो किसी तक नहीं पहुँच सकती थीं, और उस कमरे में तीन बूढ़े बाबू काम करते थे, जो उन चिट्ठियों को खोलके देखते, कि शायद कोई सुराग़ मिल जाए।
इक दिन उनके पास इक चिट्ठी आई, टेढ़ी-मेढ़ी लिखावट में, इक बच्चे की, और लिफ़ाफ़े पे पता था, "भगवान जी, दिल्ली", और बाबू रामनाथ ने उसे खोला, और पढ़ा, और उनकी आँखें भर आईं, और उन्होंने बाक़ी दोनों को बुलाया।
चिट्ठी में लिखा था, "प्यारे भगवान जी, मेरी माँ बहुत बीमार है, डॉक्टर ने दवाई लिखी है, पर पापा के पास पैसे नहीं हैं, पापा रोज़ रात को रोते हैं, मैं आपको अपनी गुल्लक के पैसे भेज रहा हूँ, दस रुपये, बाक़ी आप दे दीजिए, प्लीज़, मेरी माँ को ठीक कर दीजिए — आपका मुन्ना, आठ बरस", और लिफ़ाफ़े में इक मुड़ा हुआ दस का नोट था, और डॉक्टर की पर्ची की इक फ़ोटोकॉपी, जिसपे इक पता लिखा था।
तीनों बाबू देर तक चुप बैठे रहे, फिर रामनाथ ने अपनी जेब से कुछ पैसे निकाले, फिर दूसरे ने, फिर तीसरे ने, और फिर उन्होंने डाकघर के बाक़ी कर्मचारियों को बताया, और शाम तक इक अच्छी-ख़ासी रक़म जमा हो गई, और उन्होंने पर्ची पे लिखी दवाइयाँ ख़रीदीं।
अगली सुबह रामनाथ ख़ुद उस पते पे गए, इक झुग्गी बस्ती में, और इक छोटी-सी कोठरी का दरवाज़ा खटखटाया, और इक छोटा लड़का बाहर आया, और रामनाथ ने उसे दवाइयों का थैला दिया, और कहा, "बेटा, तेरी चिट्ठी भगवान जी तक पहुँची, उन्होंने ये भेजा है", और मुन्ना की आँखें चौड़ी हो गईं, और वो दौड़के अंदर गया, "माँ, माँ, भगवान जी ने जवाब दिया!"
मुन्ना की माँ ठीक हो गई, और कुछ महीनों बाद डाकघर में इक और चिट्ठी आई, उसी लिखावट में, "भगवान जी, दिल्ली", और उसमें लिखा था, "प्यारे भगवान जी, थैंक यू, माँ अब ठीक है, मैं बड़ा होके डाकिया बनूँगा, ताकि आपकी चिट्ठियाँ ठीक पते पे पहुँचा सकूँ", और रामनाथ ने वो चिट्ठी अपनी मेज़ के शीशे के नीचे लगा दी।
'पराग', देश का डाकघर सिर्फ़ चिट्ठियाँ नहीं ढोता, कभी-कभी वो उन चिट्ठियों का भी जवाब देता है, जिनका कोई पता नहीं, क्योंकि उसमें काम करने वाले इंसान होते हैं,
जो तीन बूढ़े डाक बाबू इक बच्चे की भगवान के नाम लिखी चिट्ठी पढ़के उसकी माँ की दवा ख़रीद लाएँ, उन्होंने बताया, कि कभी-कभी भगवान का पता किसी डाकघर के इक छोटे कमरे में होता है, और उसका जवाब इंसानों के हाथों से आता है।