इक पुराने क़िले की ऊँची प्राचीर पे सात पीढ़ियों से इक ही परिवार मरम्मत का काम करता आया था, जब राजा थे, तब भी, जब अंग्रेज़ आए, तब भी, और अब, जब क़िला इक ऐतिहासिक इमारत बन चुका था, और उस परिवार के आख़िरी मिस्त्री थे, बूढ़े करीम बख़्श।
करीम बख़्श उस प्राचीर के हर पत्थर को जानते थे, कौन-सा पत्थर किस खान से आया, किस चूने के घोल से जुड़ा, कहाँ दरार है, कहाँ बारिश का पानी रिसता है, और वो हर सुबह उस दीवार पे चढ़ते, और उसकी दरारें भरते, उसी पुराने तरीक़े से, चूना, गुड़, बेल का गूदा मिलाके।
पर करीम बख़्श के बेटे शहर चले गए थे, कोई इस काम में नहीं आया, और करीम बख़्श चिंता में रहते, "मेरे बाद कौन इस दीवार की देखभाल करेगा?", और फिर इक दिन सरकार की ओर से इक जवान लड़की आई, पुरातत्व विभाग की, अनीता, जो इस क़िले की मरम्मत की योजना बना रही थी।
अनीता ने पहले सीमेंट से मरम्मत की बात की, और करीम बख़्श ने सिर हिलाया, "बेटी, सीमेंट इन पत्थरों को मार देगा, ये साँस लेते हैं, इन्हें चूना चाहिए", और अनीता हैरान रह गई, क्योंकि उसने भी किताबों में यही पढ़ा था, पर किसी को इसे करते नहीं देखा था।
अनीता ने करीम बख़्श से सीखना शुरू किया, हर सुबह उनके साथ प्राचीर पे चढ़ती, चूने का घोल बनाना सीखती, पत्थरों को पहचानना, दरारों को पढ़ना, और करीम बख़्श उसे वो सब सिखाते, जो उनके दादा ने उन्हें सिखाया था, सात पीढ़ियों का ज्ञान, जो किसी किताब में नहीं था।
इक बरस बाद करीम बख़्श ने अनीता को अपनी पुरानी छेनी और हथौड़ी दी, जो उनके परदादा की थी, और कहा, "बेटी, तू मेरे ख़ानदान की नहीं, पर इस दीवार की है, अब तू सँभाल", और अनीता ने उस क़िले की मरम्मत करवाई, करीम बख़्श के तरीक़े से, और प्राचीर पे इक छोटी तख़्ती लगवाई, "सात पीढ़ियों के उन हाथों के नाम, जिन्होंने इस दीवार को खड़ा रखा।"
'पराग', क़िले की प्राचीर राजाओं ने बनवाई, पर उसे सदियों तक खड़ा रखा उन अनदेखे मिस्त्रियों ने, जिनके नाम किसी इतिहास की किताब में नहीं,
जो बूढ़ा मिस्त्री अपना सात पीढ़ियों का ज्ञान इक पुरातत्व की लड़की को सौंपे, उसने बताया, कि विरासत ख़ून से नहीं, लगन से आगे बढ़ती है, और हर पुरानी दीवार में किसी के हाथों की गरमी बसी होती है।