इक पुरानी रियासत का इक बड़ा महल था, सौ कमरों वाला, जिसमें अब बस इक बूढ़ी राजकुमारी रहती थीं, सुमित्रा देवी, जो राजाओं के ज़माने ख़त्म होने के बाद उस विशाल, ख़ाली महल में अकेली रह गई थीं, और महल धीरे-धीरे उजड़ रहा था।
सुमित्रा देवी के कोई बच्चे नहीं थे, और वो रोज़ महल की ऊँची खिड़की से नीचे की बस्ती को देखतीं, जहाँ मज़दूरों के बच्चे गलियों में खेलते, कोई स्कूल नहीं जाता, क्योंकि सबसे पास का स्कूल दूर था, और उनके माँ-बाप के पास फ़ीस के पैसे न थे।
इक दिन सुमित्रा देवी ने इक फ़ैसला किया, जिससे पूरी रियासत हैरान रह गई, उन्होंने महल के दरवाज़े खोल दिए, और बस्ती के सारे बच्चों को बुलाया, और कहा, "आज से ये महल तुम्हारा स्कूल है", और उन्होंने अपने गहने बेचके टीचर रखे, किताबें ख़रीदीं, और महल के कमरों को कक्षाएँ बनाया।
जिस दरबार हॉल में कभी राजा बैठते थे, वहाँ अब बच्चे सुबह की प्रार्थना करते, जिस नाच घर में कभी रानियाँ नाचती थीं, वहाँ अब गणित की कक्षा लगती, और जिस शाही रसोई में कभी दावतें बनती थीं, वहाँ अब बच्चों का दोपहर का खाना बनता।
रिश्तेदार नाराज़ हुए, "राजकुमारी ने ख़ानदान की इज़्ज़त मिट्टी में मिला दी", पर सुमित्रा देवी ने किसी की न सुनी, और हर सुबह वो अपनी छड़ी के सहारे कक्षाओं में घूमतीं, बच्चों के सिर पे हाथ फेरतीं, और कहतीं, "मेरे पुरखों ने इस महल में राज किया, मैं इसमें भविष्य बनाऊँगी।"
तीस बरस में उस महल-स्कूल से हज़ारों बच्चे पढ़के निकले, डॉक्टर, इंजीनियर, टीचर, और जब सुमित्रा देवी गुज़रीं, तो महल के आँगन में उन हज़ारों बच्चों में से सैकड़ों जमा हुए, और उनके नाम पे महल का नाम रखा गया, "सुमित्रा विद्या महल", और उसके गेट पे लिखा है, "यहाँ कभी राज होता था, अब ज्ञान होता है।"
'पराग', महल पत्थर और संगमरमर का होता है, पर उसकी असली शान तब होती है, जब उसके दरवाज़े उनके लिए खुलें, जिन्हें कभी उसके क़रीब भी आने न दिया गया,
जो बूढ़ी राजकुमारी अपने ख़ाली महल को मज़दूरों के बच्चों का स्कूल बना दे, उसने बताया, कि सबसे बड़ी विरासत वो है, जो दूसरों के काम आए, और इक ताज से बड़ा होता है किसी बच्चे का बदला हुआ भविष्य।