उसकी पायल
आधी रात को जो कहे बात, उसकी पायल
आँगन में जैसे हो बरसात, उसकी पायल
सीढ़ियाँ उतरे, तो हर इक पायदान गाए
हर क़दम पे दे इक सौग़ात, उसकी पायल
उसकी इक छम-छम में जो लय छुपी थी
उसमें नाचती थी सारी कायनात, उसकी पायल
'पराग' अब सूना है वो आँगन, वो सीढ़ी
बस ख़्वाबों में बजती है हर रात, उसकी पायल
कठिन शब्द: पायदान – सीढ़ी का क़दम · सौग़ात – तोहफ़ा · लय – धुन · कायनात – ब्रह्मांड