अमराई की कोयल
बौराई आमों की अमराई, कोयल
ले आई कैसी पुरवाई, कोयल
तेरी कूक से जाग उठी है याद
और गहरी हुई तन्हाई, कोयल
तेरे बच्चे पलें पराए घोंसले में
फिर भी सीखें वही शहनाई, कोयल
'पराग' कूक-कूक के किसे बुलाती है तू
मेरी भी कर दे सुनवाई, कोयल
कठिन शब्द: बौराना – आम पर बौर आना · अमराई – आम का बाग़ · पुरवाई – पूरब से आती हवा · सुनवाई – फ़रियाद सुनना