गर्मी की दोपहर में गाँव के बच्चे कालू भैंस की पीठ पे चढ़ जाते, तीन-चार इक साथ,
कालू धीरे-धीरे चलती, तालाब की ओर, और बच्चे चिल्लाते, जैसे जीत ली हो कोई बात।
पानी में उतरते ही कालू आधी डूब जाती, बस सिर और पीठ बाहर,
और बच्चे उस पीठ पे बैठे रहते, ठंडे पानी में पाँव लटकाए, बेफ़िकर, बेख़बर।
कभी कोई फिसलके गिरता, सब हँसते, फिर वो तैरके फिर से ऊपर आता,
और कालू चुपचाप सब सहती, जैसे बच्चों की नानी हो, जिसे सब भाता।
'पराग', आज वो बच्चे शहरों में हैं, स्विमिंग पूल में तैरते हैं, क्लबों में जाते हैं,
पर कालू की पीठ वाला तालाब, उस जैसा मज़ा, कहीं नहीं पाते हैं।