बाँध बना, और इक पूरा पुराना शहर और उसके आसपास के गाँव झील में डूब गए, घर, मंदिर, खेत,
लोगों को नई जगह बसाया गया, पक्के मकान दिए, पर उनका दिल अब भी उसी पानी के नीचे, उसी रेत।
बूढ़े रामेश्वर हर शाम झील के किनारे बैठते, और पानी की ओर ताकते, घंटों,
"वहाँ नीचे मेरा घर है, मेरा आँगन, मेरी माँ की तुलसी", कहते, और आँखें भर आतीं, जैसे घर लौटने को तरसतीं, बरसों।
इक साल भयंकर सूखा पड़ा, झील का पानी उतरा, और पुराने मंदिर की चोटी पानी से बाहर दिखी,
रामेश्वर नाव लेके वहाँ गए, चोटी को छुआ, और रो पड़े, जैसे बरसों बाद माँ की गोद मिली, निकली इक सिसकी।
'पराग', तरक़्क़ी को बिजली चाहिए, पानी चाहिए, पर किसी की पूरी दुनिया भी डूबती है,
जो डूबे गाँवों को याद रखे, उसी की तरक़्क़ी में इंसानियत की इक लौ जलती है।