इक औरत अपने पहले सफ़ेद बाल देखके परेशान थी, आईने के आगे खड़ी, उसे उखाड़ती, और फिर इक और दिखता, और फिर इक और, और वो चिढ़के अपनी माँ के पास गई, "माँ, ये सफ़ेद बाल क्यों आ रहे हैं? मैं अभी चालीस की भी नहीं!",
माँ, जिनके बाल पूरे सफ़ेद थे, मुस्काईं, और बेटी को पास बिठाया, और उसके बालों में उँगलियाँ फिराईं, "बेटी, ये बाल गिनके देख, हर इक की इक कहानी है", और बेटी हँसी, "माँ, बालों की क्या कहानी?"
माँ ने इक सफ़ेद बाल पकड़ा, "ये तब आया, जब तेरा बेटा तीन दिन बुख़ार में था, और तू रात भर जागी", फिर दूसरा, "ये तब, जब तेरे पति की नौकरी गई, और तूने घर सँभाला", फिर तीसरा, "ये तब, जब तूने अपनी सास की सेवा की, आख़िरी दिनों में",
बेटी चुप हो गई, और आँखें भर आईं, और माँ ने कहा, "ये सफ़ेद बाल बुढ़ापे के नहीं, तेरी हिम्मत के तमग़े हैं, इन्हें उखाड़ मत, इनपे गर्व कर", और बेटी ने माँ को गले लगाया, देर तक।
उस दिन के बाद बेटी ने कभी सफ़ेद बाल नहीं उखाड़े, और न रँगे, और जब कोई पूछता, "रँगती क्यों नहीं?", तो वो हँसके कहती, "ये मेरी कहानियाँ हैं, इन्हें छुपाऊँ क्यों?",
और बरसों बाद, जब उसकी अपनी बेटी पहला सफ़ेद बाल देखके परेशान हुई, तो उसने भी वही किया, उसे पास बिठाया, और इक-इक बाल की कहानी सुनाई, और इक पीढ़ी से दूसरी तक वो सबक़ चलता रहा, जैसे कोई चाँदी की लड़ी, इक हाथ से दूसरे हाथ।
'पराग', सफ़ेद बाल उम्र का निशान नहीं, उन रातों का हिसाब हैं, जो हमने अपनों के लिए जागके काटीं, और जो उन्हें गर्व से पहने, उसका सिर हमेशा ऊँचा रहता है,
हर सफ़ेद बाल इक लड़ाई की जीत है, और जो उसे इक तमग़ा समझे, उसके लिए बुढ़ापा कोई डर नहीं, इक सम्मान है, जो उसने ख़ुद कमाया।