इक बूढ़ी औरत हर सुबह आईने के आगे खड़ी होती, और ख़ुद से कहती, "ये कौन है? मैं तो ऐसी नहीं थी", और उदास हो जाती, झुर्रियाँ, सफ़ेद बाल, ढीली खाल, और उसे लगता, आईना उससे कोई अजनबी दिखा रहा है, कोई जो उसे पहचानता नहीं,
उसकी पोती ने ये देखा, और इक दिन चुपचाप उस आईने के पीछे, फ़्रेम के कोने में, इक पुरानी तस्वीर लगा दी, दादी की, जब वो बीस बरस की थीं, हँसती हुई, फूलों के बीच, बालों में गजरा।
अगली सुबह दादी आईने के आगे आईं, और फ़्रेम के कोने में वो तस्वीर देखी, और चौंकीं, फिर देर तक दोनों को देखती रहीं, आईने वाला चेहरा, और तस्वीर वाला चेहरा, जैसे दो अलग औरतें,
फिर पोती आई, और दादी के पास खड़ी हुई, और कहा, "दादी, ग़ौर से देखो, दोनों की आँखें इक जैसी हैं, दोनों की मुस्कान इक जैसी है, बस बीच में कुछ बरस आ गए", और दादी ने फिर देखा, और सच में, वही आँखें, वही मुस्कान, बस ज़रा थकी, ज़रा गहरी।
दादी हँसीं, पहली बार बरसों में, आईने के आगे, और कहा, "हाँ, ये मैं ही हूँ, बस इसने बहुत कुछ देखा है", और उस दिन से वो आईने से उदास न होतीं, बल्कि हर सुबह उस तस्वीर को देखतीं, फिर अपने चेहरे को, और मुस्कातीं, जैसे पुरानी सहेली से मिल रही हों,
और पोती ने इक और तस्वीर लगाई, आईने के दूसरे कोने में, अपनी, आज की, और नीचे लिखा, "दादी, मैं भी इक दिन आपके जैसी होऊँगी, और तब मुझे भी गर्व होगा", और दादी ने उसे गले लगाया, और दोनों आईने में इक साथ मुस्काईं, तीन उम्रें, इक आईना।
'पराग', आईने में बदलता चेहरा बस बाहर की बात है, भीतर वही इंसान रहता है, और जो ये पहचाने, उसे अपनी झुर्रियों से डर नहीं लगता,
जो हर सुबह आईने में अपनी पुरानी मुस्कान ढूँढ ले, उसके लिए बुढ़ापा इक अजनबी नहीं, इक पुराना दोस्त है, जो बहुत कुछ देखके लौटा है।