इक गाँव के अस्सी बरस के दादा ने कभी समंदर नहीं देखा था, बस किताबों में, कहानियों में, और हर बरस कहते, "इक बार समंदर देखना है, मरने से पहले", और घर वाले हँसते, "अब इस उम्र में कहाँ जाओगे?", और बात टल जाती,
उनके पोते ने, जो शहर में नौकरी करता था, इक दिन ये सुना, और सोचा, "अगर अब नहीं, तो कब?", और उसने छुट्टी ली, और दादा को लेके निकल पड़ा, ट्रेन से, दो दिन का सफ़र, और दादा पूरे रास्ते खिड़की से बाहर देखते रहे, बच्चे की तरह।
जब वो समंदर किनारे पहुँचे, तो दादा रुक गए, दूर से, और बहुत देर तक कुछ न बोले, बस देखते रहे, लहरें, नीला पानी, क्षितिज तक फैला, और उनकी धुँधली आँखों से आँसू बहने लगे, चुपचाप,
पोते ने उनका हाथ पकड़ा, और धीरे-धीरे पानी की ओर ले गया, और दादा ने अपने नंगे पैर पहली बार समंदर में डाले, और जब पहली लहर उनके पैरों से टकराई, तो वो चौंके, फिर हँसे, ज़ोर से, जैसे कोई बच्चा, और कहा, "ये तो ज़िंदा है!"
दादा देर तक पानी में खड़े रहे, लहरों से खेलते, और पोते ने उनकी इक तस्वीर खींची, उनका हँसता चेहरा, समंदर के आगे, और वो तस्वीर अब उनके घर की सबसे प्यारी तस्वीर है,
और लौटते वक़्त दादा ने पोते से कहा, "बेटा, अस्सी बरस में मैंने बहुत कुछ देखा, पर ऐसा कुछ नहीं, आज मुझे लगा, ज़िंदगी अभी ख़त्म नहीं हुई, अभी बहुत कुछ बाक़ी है", और पोते ने तय किया, हर बरस दादा को कहीं नया ले जाएगा, कोई नया ख़्वाब पूरा करने।
'पराग', बूढ़ी आँखों के ख़्वाब छोटे लगते हैं, पर उनमें पूरी ज़िंदगी की प्यास होती है, और जो उन्हें पूरा करे, उसने किसी की उम्र में इक नया रंग भरा,
जो अपने दादा को पहली बार समंदर दिखाए, उसने उन्हें बस इक नज़ारा नहीं, इक नई ज़िंदगी दी, और उसकी याद उस लहर की तरह हमेशा लौटती रहती है।