एलिना को तीन बरस की उम्र में इक विदेशी दंपती ने गोद लिया था, केरल के इक अनाथालय से, और वो यूरोप में पली, पढ़ी, डॉक्टर बनी, पर उसकी इक ही पहली याद थी, धुँधली-सी, इक सफ़ेद कपड़ों वाली औरत की आवाज़, जो उसे गोद में लेके इक धुन गुनगुनाती थी,
वो धुन उसके भीतर बसी रही, तीस बरस तक, बिना शब्दों के, और जब कभी वो उदास होती, तो अपने आप उसके होंठों पे आ जाती, और उसके यूरोपीय माँ-बाप कहते, "ये तो कोई भारतीय लोरी लगती है।"
तैंतीस की उम्र में एलिना भारत आई, उस अनाथालय को ढूँढने, और जब वहाँ पहुँची, तो पता चला, वो अब इक स्कूल बन चुका था, पर इक बूढ़ी नन अब भी वहीं रहती थी, सिस्टर मारिया, अस्सी बरस की, आँखें कमज़ोर, जो सत्तर के दशक से वहीं थीं।
एलिना उनके कमरे में गई, और कुछ समझ न आया, क्या कहे, किस भाषा में, तो उसने बस वो धुन गुनगुनानी शुरू की, धीरे से, काँपती आवाज़ में, और सिस्टर मारिया, जो खिड़की की ओर मुँह किए बैठी थीं, अचानक मुड़ीं।
पहली पंक्ति पे वो चौंकीं, दूसरी पे उनके होंठ हिले, और तीसरी पंक्ति उन्होंने ख़ुद गाई, मलयालम में, वो शब्द, जो एलिना ने कभी नहीं जाने थे, और फिर उन्होंने हाथ बढ़ाए, और एलिना उनकी गोद में सिर रखके फूट-फूटके रोई, जैसे तीन बरस की हो,
सिस्टर मारिया ने उसके बालों में उँगलियाँ फेरीं, "ये लोरी मैं हर उस बच्चे को सुनाती थी, जिसकी कोई माँ न थी, तू पहली है, जो इसे लौटाने आई", और उस दिन एलिना ने वो पूरी लोरी सीखी, शब्दों के साथ, अपनी पहली याद को आख़िरकार उसकी ज़ुबान मिली।
'पराग', पहली याद अक्सर शब्दों से पहले की होती है, इक धुन, इक छुअन, इक मुस्कान, और वही उम्र भर हमारी सबसे गहरी जड़ बनी रहती है,
जो समंदर पार से इक अधूरी लोरी के सहारे अपनी पहली गोद तक लौट आए, उसने साबित किया, कि प्यार की इक धुन तीस बरस, दो महाद्वीप, और हर भाषा के पार भी अपना घर ढूँढ लेती है।