गुलाब देई का बेटा, मनोहर, बीस बरस पहले खाड़ी के देश गया था, कमाने, और शुरू के बरसों में हर महीने चिट्ठी आती, फिर कम होती गई, फिर बंद हो गई, और गाँव वाले कहने लगे, "भूल गया होगा माँ को", पर गुलाब देई हर शाम आँगन के दरवाज़े पे लालटेन रखती रहीं।
उनकी आँखें अब कमज़ोर हो चुकी थीं, मोतियाबिंद से, दिन में भी धुँधला दिखता, और इक बरसात की रात गाँव की बिजली गई हुई थी, घना अँधेरा, और गुलाब देई चारपाई पे लेटी थीं, कि बाहर से इक आवाज़ आई, "अम्मा?"
वो इक पल को सुन्न रह गईं, फिर उठ बैठीं, और काँपती आवाज़ में बोलीं, "मनोहर?", और बाहर से आवाज़ आई, भर्राई हुई, "हाँ, अम्मा, मैं", और गुलाब देई अँधेरे में, बिना देखे, बिना लालटेन के, ठोकर खाते हुए दरवाज़े तक दौड़ीं।
पड़ोसी आवाज़ सुनके लालटेनें लेके निकले, और देखा, इक दाढ़ी वाला, थका, भीगा आदमी दरवाज़े पे घुटनों के बल बैठा है, और बूढ़ी माँ उसके सिर को सीने से भींचे खड़ी है, और किसी ने हैरानी से पूछा, "काकी, अँधेरे में कैसे पहचाना? बीस बरस बाद?"
गुलाब देई ने बेटे के भीगे बालों में हाथ फेरा, और बोलीं, "आँखें बीस बरस में बदल जाती हैं, चेहरा बदल जाता है, पर जो आवाज़ पहली बार 'अम्मा' बोली थी, वो माँ के कान कभी नहीं भूलते", और मनोहर ने बताया, कि वहाँ उसकी कंपनी बंद हो गई थी, और वो शर्म से चिट्ठी न लिख पाया।
"शर्म किस बात की, पगले", गुलाब देई ने कहा, "तू लौट आया, बस", और उस रात आँगन की लालटेन, जो बीस बरस से हर शाम जलती थी, आख़िरी बार जली, और अगली सुबह गुलाब देई ने उसे उतारके रख दिया, "अब इसकी ज़रूरत नहीं, मेरी आवाज़ घर आ गई।"
'पराग', याद की आवाज़ कानों में नहीं, कलेजे में बसती है, और जो इक पुकार बीस बरस के अँधेरे के पार पहचान ले, वो रिश्ता किसी आँख का मोहताज नहीं,
जो माँ बिना देखे, बस इक "अम्मा" सुनके अँधेरे में दौड़ पड़े, उसने बताया, कि सबसे गहरी यादें आवाज़ों में सहेजी जाती हैं, और वो कभी धुँधली नहीं होतीं।