रश्मि की शादी तय हुई, तो उसने इक ही ज़िद पकड़ी, उसका शादी का दुपट्टा उसी रंग का हो, जैसा उसकी माँ का इक पुराना दुपट्टा था, इक हल्का, धुला-धुला-सा गुलाबी, जिसे माँ हर त्योहार पे ओढ़ती थीं, और जिसकी याद रश्मि के बचपन में रची-बसी थी।
माँ अब नहीं थीं, पर वो दुपट्टा अलमारी में था, और रश्मि उसे लेके शहर के हर कपड़े वाले के पास गई, हर दुकान पे रंग मिलाया, गुलाबी, रानी, प्याज़ी, आड़ू, सौ रंग देखे, पर वो इक रंग कहीं न मिला।
आख़िर में वो पुराने शहर के इक बूढ़े रंगरेज़ के पास पहुँची, जिनकी दुकान में रंगों के बड़े-बड़े कड़ाह उबल रहे थे, और उन्हें माँ का दुपट्टा दिखाया, और बूढ़े रंगरेज़ ने उसे धूप में उठाके देखा, उलटा-पलटा, छुआ, और फिर मुस्काके लौटा दिया।
"बेटी, ये रंग मैं नहीं बना सकता, कोई नहीं बना सकता", रश्मि ने पूछा, "क्यों, चाचा?", और वो बोले, "क्योंकि जब ये दुपट्टा नया था, तो ये गहरा गुलाबी था, ये रंग तो बरसों की धूप ने बनाया है, सौ बार धुलने ने, तेरी माँ के पसीने, आँसुओं, हँसी ने, ये वक़्त का रंग है, इसे कोई कड़ाह नहीं रंग सकता।"
रश्मि वहीं खड़ी रही, और उस दुपट्टे को देखती रही, जैसे पहली बार देख रही हो, और उसकी आँखें भर आईं, और बूढ़े रंगरेज़ ने धीरे से कहा, "बेटी, नया क्यों ढूँढती हो? जो रंग तुम्हें चाहिए, वो तुम्हारे हाथ में है।"
शादी के दिन रश्मि ने माँ का वही पुराना दुपट्टा ओढ़ा, और जब वो मंडप में आई, तो उसकी मौसियाँ, बुआएँ, सब रो पड़ीं, क्योंकि उन सबने वो दुपट्टा पहचाना, और रश्मि को लगा, जैसे माँ ने ख़ुद पीछे से आके उसके सिर पे पल्लू रख दिया हो।
'पराग', याद का रंग किसी दुकान में नहीं मिलता, वो बरसों की धूप, आँसुओं और प्यार से पकता है, और जो उसे ओढ़े, वो किसी अपने की बाँहों में लिपटा रहता है,
जो बेटी नए रंग की जगह माँ का फीका दुपट्टा ओढ़े, उसने समझा, कि सबसे सुंदर रंग वो है, जिसे वक़्त ने रंगा हो, और जिसमें किसी की पूरी ज़िंदगी घुली हो।