माँ के गुज़रने के बाद विकास हर इतवार इक ही कोशिश करता, माँ जैसी अरहर की दाल बनाने की, वही हल्दी, वही हींग, वही जीरे का तड़का, वही घी, सब कुछ नापके, पर स्वाद कभी वैसा न आता, और वो हर बार चम्मच रखके चुप बैठ जाता।
इक बरस में उसने पचास बार कोशिश की, कभी नमक कम, कभी ज़्यादा, कभी कुकर, कभी पतीला, और उसकी पत्नी कहती, "बहुत अच्छी बनी है", पर विकास सिर हिलाता, "नहीं, वो बात नहीं।"
इक दिन पुरानी पड़ोसन, शीला मौसी, जो माँ की सहेली थीं, आईं, और विकास ने अपनी परेशानी बताई, और मौसी हँसीं, फिर चुप हो गईं, और बोलीं, "बेटा, तेरी माँ की दाल में इक चीज़ और पड़ती थी, जो किसी डिब्बे में नहीं थी।"
"जब तू कॉलेज से देर से लौटता था, तो वो दाल धीमी आँच पे चढ़ाके खिड़की पे खड़ी हो जाती, और तेरा इंतज़ार करती, और जितनी देर तू न आता, दाल उतनी देर पकती, धीमे-धीमे, उस इंतज़ार में, वही स्वाद था, बेटा, जो तू ढूँढ रहा है।"
विकास देर तक कुछ न बोला, उसकी आँखें भर आईं, और उस रात उसने दाल चढ़ाई, धीमी आँच पे, और खिड़की पे खड़ा हो गया, अपनी बेटी का इंतज़ार करता, जो ट्यूशन से लौटने वाली थी, और दाल पकती रही, इक घंटा, धीरे-धीरे।
जब बेटी आई, और उसने दाल चखी, तो बोली, "पापा, आज की दाल बहुत अलग है, दादी वाली जैसी", और विकास ने मुस्काके बेटी के सिर पे हाथ रखा, और खिड़की की ओर देखा, जहाँ बरसों पहले इक माँ खड़ी रहती थी, और आज इक बेटा खड़ा था।
'पराग', याद का स्वाद मसालों में नहीं, उस प्यार में होता है, जो किसी के इंतज़ार में धीमी आँच पे पकता है,
जो बेटा अपनी माँ की दाल का राज़ इक खिड़की पे खड़े होके पाए, उसने समझा, कि कुछ स्वाद नापे नहीं जाते, बस किसी अपने के लिए जिए जाते हैं, और तब वो पीढ़ी-दर-पीढ़ी लौट आते हैं।