हरीश और महेश, दो भाई, दो बरस का फ़र्क़, और बचपन से छोटे भाई महेश की इक शरारत थी, हर दिवाली की सुबह वो बड़े भाई का चश्मा छुपा देता, और हरीश पूरे घर में ढूँढता, "महेश!", और फिर आख़िर में चश्मा मिलता, किसी अजीब जगह, कभी मिठाई के डिब्बे में, कभी तुलसी के गमले में।
ये शरारत साठ बरस चली, दोनों की शादियाँ हुईं, अलग शहर, पर हर दिवाली महेश कहीं से भी पहुँच जाता, और सुबह-सुबह चुपके से हरीश का चश्मा ग़ायब कर देता, और हरीश, जो अब इक रिटायर्ड जज थे, बड़े-बड़े फ़ैसले सुना चुके, पूरे घर में "महेश!" चिल्लाते हुए घूमते।
फिर इक दिवाली से पहले हरीश को दिल का दौरा पड़ा, और वो अस्पताल में थे, कमज़ोर, उदास, बोलना भी कम कर दिया था, और डॉक्टरों ने कहा, "इनका मन नहीं लग रहा, ठीक होने की इच्छा कम है", और परिवार चिंतित था, दिवाली की सुबह भी अस्पताल के कमरे में सन्नाटा था।
तभी महेश आया, बहत्तर बरस का, थोड़ा लँगड़ाते, और हरीश सो रहे थे, और महेश ने चुपके से उनके तकिये के पास रखा चश्मा उठाया, और कमरे के कोने में रखे फूलों के गुलदस्ते में छुपा दिया, और बाहर जाके बैठ गया, मुस्काते हुए।
जब हरीश जागे, और चश्मा ढूँढा, और न मिला, तो इक पल को उलझे, फिर उनके चेहरे पे इक धीमी-सी मुस्कान आई, और फिर हफ़्तों बाद पहली बार उनकी आवाज़ गूँजी, "महेश!", और नर्सें हैरान, और महेश अंदर आया, हँसता हुआ, और दोनों बूढ़े भाई ठहाके मारके हँसे।
उस दिन के बाद हरीश तेज़ी से ठीक होने लगे, और डॉक्टर ने परिवार से कहा, "दवा तो हम दे रहे थे, पर इलाज उस चश्मे ने किया", और अगली दिवाली पे हरीश घर पे थे, और सुबह-सुबह उन्होंने ख़ुद अपना चश्मा मिठाई के डिब्बे में छुपाया, और महेश से बोले, "अब तू ढूँढ।"
'पराग', भाई की शरारतें बचपन में झुँझलाहट देती हैं, पर बुढ़ापे में वही शरारतें जीने की वजह बन जाती हैं, क्योंकि उनमें इक पूरी उम्र का प्यार छुपा होता है,
जो छोटा भाई बहत्तर बरस की उम्र में भी अस्पताल में अपने बड़े भाई का चश्मा छुपाए, उसने बताया, कि कुछ इलाज दवा से नहीं, इक पुरानी शरारत से होते हैं, जो दिल को याद दिलाती है, कि अभी जीना बाक़ी है।