पिता की पहली बरसी आई, और रिश्तेदार कहने लगे, "बड़ा भोज करो, ब्राह्मणों को खिलाओ, पूरी बिरादरी बुलाओ", पर बेटी, अनुराधा, चुप थी, और फिर उसने भाई से कहा, "भैया, पापा को भोज कभी पसंद नहीं था, वो किसे खिलाना चाहते, ये सोचो।"
दोनों भाई-बहन ने बैठके सोचा, और याद आया, पापा तीस बरस इक ही रिक्शे से दफ़्तर जाते थे, रामू काका के रिक्शे से, और रास्ते में उनसे दुनिया भर की बातें करते, और जब पापा बीमार पड़े, तो रामू काका रोज़ अस्पताल आते, बिना कहे, बस हालचाल पूछने।
अनुराधा रामू काका के पास गई, स्टेशन के रिक्शा स्टैंड पे, और बोली, "काका, पापा की बरसी है, आप आएँगे? और अपने साथ के सब रिक्शेवालों को लाइए", और रामू काका हैरान, "बिटिया, हम? बरसी में?", और अनुराधा ने कहा, "हाँ, पापा आपको अपना दोस्त कहते थे।"
बरसी के दिन घर के आँगन में दरियाँ बिछीं, और चालीस रिक्शेवाले आए, कुछ झिझकते, कुछ पसीने में, अपने गमछे झाड़ते, और अनुराधा और उसके भाई ने ख़ुद उन्हें परोसा, पूरी, सब्ज़ी, खीर, और रिश्तेदार कुछ दूर खड़े फुसफुसाते रहे।
खाने के बाद रामू काका उठे, और पिता की तस्वीर के आगे हाथ जोड़े, और बोले, "बाबूजी, तीस बरस आपको ढोया, कभी मोलभाव नहीं किया आपने, बारिश में अपनी छतरी मुझे दे देते थे, ख़ुद भीगते थे, आज आपके बच्चों ने हमें वो इज़्ज़त दी, जो कभी किसी ने नहीं दी", और उनकी आवाज़ भर्रा गई।
फिर इक-इक करके सारे रिक्शेवालों ने तस्वीर के आगे सिर झुकाया, और कुछ ने अपने-अपने क़िस्से सुनाए, कि बाबूजी ने कब किसकी बेटी की फ़ीस भरी, कब किसके इलाज के पैसे दिए, चुपचाप, और अनुराधा और उसका भाई सुनते रहे, और उन्हें पता चला, उनके पिता कितने बड़े आदमी थे, जिन्हें वो कभी पूरी तरह न जान पाए।
'पराग', बरसी पे सबसे सच्चा प्रसाद वो है, जो उन लोगों को बँटे, जिन्हें जाने वाला सच में अपना मानता था, चाहे बिरादरी उन्हें अपना माने या न माने,
जो बच्चे अपने पिता की बरसी पे ब्राह्मणों की जगह रिक्शेवालों की पंगत बिठाएँ, उन्होंने उस बरसी को इक भोज नहीं, इक श्रद्धांजलि बनाया, और अपने पिता के सबसे अनदेखे गुणों को पहली बार सुना।