दादी के गुज़रने के बाद दादा हर शाम आँगन में अपनी कुर्सी के सामने दादी की ख़ाली कुर्सी रखते, और उससे बातें करते, धीरे-धीरे, आधा घंटा, और पोते-पोतियाँ घबरा गए, "दादू को कुछ हो गया है, अकेलेपन में बहक गए हैं", और उन्होंने डॉक्टर को बुलाने की बात की।
सबसे बड़ी पोती, नेहा, ने कहा, "रुको, पहले सुनते हैं, वो कहते क्या हैं", और इक शाम वो चुपके से खिड़की के पीछे खड़ी हुई, और सुना, दादा कह रहे थे, "आज गुड्डू का रिज़ल्ट आया, पास हो गया, तू तो कहती थी, ये पढ़ेगा नहीं, देख, पढ़ गया।"
"और सुन, पड़ोस वाली शर्मा जी की बहू को बेटी हुई है, तू होती, तो सबसे पहले लड्डू लेके जाती, मैं ले गया, तेरी ओर से, और आज बारिश हुई, तेरे गुलाब में दो नई कलियाँ आईं हैं, और हाँ, बड़की ने आज तेरी तरह कढ़ी बनाई, थोड़ा नमक ज़्यादा था, पर तुझे मत बताना।"
नेहा खिड़की के पीछे खड़ी-खड़ी रोने लगी, और समझ गई, दादा बहके नहीं थे, वो बस दादी को रोज़ की ख़बरें सुना रहे थे, ताकि दादी को कुछ छूट न जाए, ताकि वो अब भी घर का हिस्सा रहें, जैसे पचपन बरस से थीं।
नेहा ने अगले दिन सबको बताया, और कोई डॉक्टर नहीं आया, पर उस शाम इक अजीब बात हुई, जब दादा कुर्सी पे बैठे, तो दादी की कुर्सी पे इक छोटी पर्ची रखी थी, पोते गुड्डू की लिखावट में, "दादी, मैं पास हो गया, आपकी दुआ से", और दादा ने वो पर्ची पढ़ी, और मुस्काए।
फिर हर शाम दादी की कुर्सी पे पर्चियाँ आने लगीं, किसी पोते की, किसी बहू की, किसी पड़ोसी की, "दादी, आज मेरी नौकरी लगी", "दादी, आपका अचार ख़त्म हो गया, याद आ रहीं हैं", और दादा हर शाम उन्हें पढ़के सुनाते, ख़ाली कुर्सी को, और पूरा घर उस आधे घंटे के लिए चुप हो जाता।
'पराग', गुज़रे हुए अपने तभी जाते हैं, जब हम उनसे बात करना छोड़ देते हैं, और जो उन्हें रोज़ की ख़बरें सुनाता रहे, उसके घर में वो हमेशा बैठे रहते हैं,
जो दादा अपनी पत्नी की ख़ाली कुर्सी को हर शाम घर का हाल सुनाए, उसने पूरे परिवार को सिखाया, कि मौत रिश्ते का अंत नहीं, बस बातचीत का नया तरीक़ा है, इक पर्ची, इक कुर्सी, इक शाम।