बाक़ी है उम्मीद
बुझ गया सब कुछ, उठा धुआँ, बाक़ी है उम्मीद
लुट गया सारा कारवाँ, बाक़ी है उम्मीद
ज़मीं भी छिन गई, छत भी ढह गई सर से
पर सर के ऊपर आसमाँ, बाक़ी है उम्मीद
पत्थर की दरार में भी एक पत्ती उग आई
जैसे कहती हो, यहाँ-वहाँ बाक़ी है उम्मीद
'पराग' अँधेरों से कह दो, ज़रा सँभलकर चलें
जब तक इक दिल है जवाँ, बाक़ी है उम्मीद
कठिन शब्द: कारवाँ – काफ़िला · जवाँ – जवान