चुप रहता बाप
बेटे के इंतज़ार में कुछ न जताता बाप
अपनी हर बेचैनी चुपचाप छुपाता बाप
अख़बार पढ़ता रहा, पर पन्ना नहीं पलटा
घड़ी पे नज़रें डालके आँख चुराता बाप
बेटे के कमरे में बत्ती रोज़ जलाकर
ख़ाली बिस्तर पे चादर बिछाता बाप
'पराग' पहाड़ भी तो कहाँ रोता है खुलकर
पर अंदर ही अंदर झरने बहाता बाप
कठिन शब्द: जताना – ज़ाहिर करना · झरना – पहाड़ से गिरता पानी