प्याऊ वाली अम्माँ
ढूँढे हर राही इक छाँव गर्मी में
जलते हैं नंगे पाँव गर्मी में
दोपहर को सो जाता है सारा
सुनसान पड़ा है गाँव गर्मी में
इसी तपिश से समंदर उठेगा बादल बनके
यही है बारिश का दाँव गर्मी में
'पराग' प्याऊ पे बैठी जो बूढ़ी अम्माँ
उसी की ममता का ठाँव गर्मी में
कठिन शब्द: राही – मुसाफ़िर · तपिश – गर्मी · दाँव – चाल, बाज़ी · प्याऊ – मुफ़्त पानी पिलाने की जगह · ठाँव – ठिकाना