हवा से बना बदन
सबको दे ठंडी छाँव, पेड़
ख़ुद धूप में, न खींचे पाँव, पेड़
चिड़ियाँ, गिलहरी, चींटी, कीड़े
बसाए पूरा इक गाँव, पेड़
मिट्टी से कम, हवा से ज़्यादा गढ़ा बदन
ऐसा अजब इक दाँव, पेड़
'पराग' जो आरी लेके आए, उसको भी
ठंडी दे इक ठाँव, पेड़
कठिन शब्द: दाँव – करिश्मा, खेल · आरी – लकड़ी काटने का औज़ार · ठाँव – ठिकाना