गोवा के इक पुराने मोहल्ले में दो घर इक ही दीवार साझा करते थे, इक में शर्मा परिवार रहता था, हिंदू, और दूसरे में मिसेज़ फ़र्नांडिस, ईसाई, विधवा, और चालीस बरस दोनों परिवार इक-दूजे के त्योहारों में शामिल होते आए थे, क्रिसमस पे शर्मा जी के बच्चे केक खाते, दिवाली पे मिसेज़ फ़र्नांडिस दीये जलाने में मदद करतीं।
फिर शर्मा परिवार के बच्चे विदेश चले गए, और इक दिन शर्मा जी और उनकी पत्नी भी बच्चों के पास कनाडा चले गए, और उनका घर ख़ाली हो गया, ताला लगा, और मिसेज़ फ़र्नांडिस को पहली दिवाली पे वो घर अँधेरा देखके बहुत अजीब लगा।
चालीस बरस हर दिवाली उस घर के दरवाज़े पे दीयों की क़तार जलती थी, और रंगोली बनती थी, और अब बस अँधेरा, इक बंद ताला, और मिसेज़ फ़र्नांडिस, जो अस्सी बरस की थीं, उस रात अपनी खिड़की से उस अँधेरे दरवाज़े को देखती रहीं, और कुछ तय किया।
उन्होंने अपने घर से कुछ मिट्टी के दीये निकाले, जो शर्मा जी की पत्नी ने उन्हें बरसों पहले दिए थे, और तेल भरा, और धीरे-धीरे, छड़ी के सहारे, पड़ोस के दरवाज़े तक गईं, और वहाँ इक-इक करके दीये रखे, और जलाए, और फिर काँपते हाथों से इक छोटी-सी रंगोली बनाई, जैसे शर्मा जी की पत्नी ने उन्हें सिखाई थी।
कनाडा में शर्मा जी की पत्नी को इक पड़ोसी की चिट्ठी आई, जिसमें इक तस्वीर थी, उनके ख़ाली घर का दरवाज़ा, दीयों से जगमगाता, और इक छोटी-सी टेढ़ी रंगोली, और पीछे इक बूढ़ी औरत, छड़ी लिए, मुस्काती हुई, और शर्मा जी की पत्नी वो तस्वीर देखके रो पड़ीं।
उन्होंने मिसेज़ फ़र्नांडिस को इक लंबी चिट्ठी लिखी, "मारिया, तुमने मेरे घर को अँधेरा न होने दिया, इस बरस क्रिसमस पे मैं कनाडा में इक तारा अपनी खिड़की पे लटकाऊँगी, तुम्हारे लिए", और फिर ये हर बरस होने लगा, इक घर में दिवाली के दीये इक ईसाई हाथ से, और इक दूर देश में क्रिसमस का तारा इक हिंदू हाथ से।
'पराग', पड़ोसी का मज़हब कुछ भी हो, अगर उसका दिल पड़ोस का हो, तो वो तुम्हारे ख़ाली घर में भी तुम्हारे त्योहार की लौ जलाए रखता है,
जो बूढ़ी ईसाई विधवा अपने परदेस गए हिंदू पड़ोसियों के बंद घर पे हर दिवाली दीये जलाए, उसने बताया, कि मज़हब इबादत का तरीक़ा है, पर पड़ोस इक रिश्ता है, जो किसी भी तरीक़े से बड़ा है।