इक पुराने शहर के बड़े शिव मंदिर में हर सुबह भोर की आरती से पहले शहनाई बजती थी, और वो शहनाई पाँच पीढ़ियों से इक ही परिवार बजाता आया था, उस्ताद रहमत अली का परिवार, जो मंदिर के पीछे की गली में रहता था।
रहमत अली के परदादा को इक राजा ने ये काम सौंपा था, डेढ़ सौ बरस पहले, और तब से हर सुबह चार बजे इस घराने का कोई न कोई मंदिर की सीढ़ियों पे बैठता, और राग भैरव बजाता, और उसकी धुन पे मंदिर के कपाट खुलते, और पुजारी आरती शुरू करते।
इस घराने ने कभी इक भी सुबह नहीं छोड़ी, न बीमारी में, न शादी में, न मातम में, जब रहमत अली के पिता गुज़रे, उसी सुबह रहमत अली, आँसू पोंछते हुए, मंदिर की सीढ़ियों पे बैठे, और शहनाई बजाई, क्योंकि उनके पिता की आख़िरी बात थी, "बेटा, भोले को सुर के बिना मत जगाना।"
मंदिर के पुजारी, पंडित रामशरण, और रहमत अली, बचपन के दोस्त थे, इक ही गली में खेले थे, और हर सुबह आरती के बाद दोनों साथ बैठके चाय पीते, और पंडित जी कहते, "रहमत, तेरी शहनाई के बिना मेरी आरती अधूरी है", और रहमत कहते, "पंडित, तेरी आरती के बिना मेरी शहनाई बेमतलब।"
फिर रहमत अली बूढ़े हुए, साँस कम हुई, और इक दिन उन्होंने अपने पोते, अरमान, को मंदिर की सीढ़ियों पे बिठाया, और उसके हाथ में शहनाई दी, जो डेढ़ सौ बरस पुरानी थी, और कहा, "बेटा, आज से ये तेरी ज़िम्मेदारी है, ये हमारी इबादत भी है, और उनकी पूजा भी।"
अरमान ने काँपती साँस से पहला सुर फूँका, और राग भैरव गूँजा, और मंदिर के कपाट खुले, और बूढ़े पंडित रामशरण, जो अब ख़ुद आरती अपने बेटे को सौंप चुके थे, सीढ़ियों पे बैठे रहमत अली के पास आए, और दोनों बूढ़े दोस्तों ने इक-दूजे का हाथ थामा, और चुपचाप अपने पोतों को देखते रहे, इक शहनाई बजाते, इक आरती उतारते।
'पराग', साझी विरासत वो है, जो किसी इक धर्म की नहीं, सबकी हो, और जिसमें इक घर का सुर दूसरे घर की पूजा बन जाए, और कोई ये न पूछे, कि बजाने वाला कौन है,
जो मुस्लिम घराना पाँच पीढ़ियों से शिव मंदिर में भोर की शहनाई बजाए, उसने बताया, कि संगीत की कोई जाति नहीं, कोई मज़हब नहीं, और इस देश की सबसे सुंदर आवाज़ें वो हैं, जो इक-दूजे के इबादतघरों में गूँजती हैं।