अमेरिका में पैदा हुआ, पला-बढ़ा, बाईस बरस का जेम्स कभी भारत नहीं गया था, उसकी माँ अमरीकी थीं, और पिता भारतीय, जो अब नहीं थे, और उसके दादा, रामलाल, जो पचास बरस से अमेरिका में थे, नब्बे की उम्र में चल बसे, और उनकी आख़िरी इच्छा थी, उनकी अस्थियाँ उनके गाँव की नदी में बहाई जाएँ।
परिवार में कोई जा न सकता था, तो जेम्स ने कहा, "मैं जाऊँगा", और वो इक छोटा-सा कलश लेके, जिसमें दादा की राख थी, पहली बार भारत आया, बिहार के इक छोटे गाँव, जिसका नाम वो ठीक से बोल भी न पाता था, और उसके पास बस दादा की इक पुरानी डायरी थी, हिंदी में, जो वो पढ़ न सकता था।
गाँव पहुँचके उसने दादा का नाम लिया, और इक बूढ़ा आदमी आगे आया, और रोने लगा, "रामलाल? वो मेरा बचपन का यार था, पचास बरस पहले गया, कभी नहीं लौटा", और फिर पूरा गाँव जमा हो गया, और इक अजनबी, गोरा-सा लड़का, जो उनकी भाषा न जानता था, अचानक उनका अपना बन गया।
गाँव वालों ने उसे दादा का पुराना घर दिखाया, अब खंडहर, और वो आँगन, जहाँ दादा खेलते थे, और वो स्कूल, जहाँ दादा पढ़े थे, और वो नदी, जिसकी बात दादा अपनी डायरी में करते थे, और इक बूढ़ी औरत ने जेम्स के चेहरे को छुआ, और कहा, "इसकी आँखें बिल्कुल रामलाल जैसी हैं।"
नदी के किनारे, गाँव के पुजारी ने रस्में कीं, और जेम्स ने, जो किसी धर्म को ठीक से न जानता था, काँपते हाथों से दादा की राख नदी में बहाई, और जैसे ही राख पानी में मिली, उसे लगा, जैसे कुछ उसके भीतर भी मिल गया हो, कोई अनदेखी जड़, जो पचास बरस से इंतज़ार कर रही थी।
जेम्स इक हफ़्ते के लिए आया था, पर इक महीना रुका, और गाँव के बूढ़े यार से दादा की डायरी पढ़वाई, और हिंदी के कुछ शब्द सीखे, और जाते वक़्त उसने गाँव के स्कूल के लिए कुछ पैसे दिए, और इक पेड़ लगाया, दादा के नाम का, और कहा, "मैं लौटूँगा, ये अब मेरा भी गाँव है।"
'पराग', वतन की मिट्टी उन्हें भी पहचान लेती है, जिन्होंने उसे कभी नहीं छुआ, बस उनकी रगों में उसके किसी बेटे का ख़ून बहता हो,
जो परदेसी पोता अपने दादा की अस्थियाँ लेके पहली बार उनके गाँव आए, और वहाँ अपनी जड़ें पा ले, उसने बताया, कि वतन का रिश्ता पासपोर्ट से नहीं, उस इक पल से बनता है, जब कोई उसकी नदी को छूकर कहे, "मैं घर आया हूँ।"