फिर से
टूटा था जो, उसे सीना फिर से
सीख रही हूँ मैं जीना फिर से
बच्चों से मिलने का बस इक दिन, फिर हफ़्ते भर
चुपके से आँसू पीना फिर से
जिस आईने में ख़ुद को देखा न था बरसों
उसमें चमका इक नगीना फिर से
'पराग' अंत भी इक नई शुरुआत होता है
उग आया सूखे में भी पुदीना फिर से
कठिन शब्द: सीना – सिलाई करना · नगीना – रत्न · पुदीना – एक ख़ुशबूदार पत्ती